spot_img

Rohtak : बॉक्सर कोच का बेटा नहर में डूबा, रेसक्यू अभियान फेल

दोस्तों के साथ गांव मायना के पास नहर में नहाने गया था युवक, परिजनों का रो रोकर बुरा हाल

जयहिंद सेना प्रमुख नवीन ने जिला प्रशासन से नहर पर सुरक्षा के पुख्त प्रबंध बढ़ाने की अपील की

रोहतक : झज्जर रोड स्थित गांव मायना के पास नहर में मंगलवार दोपहर अपने दोस्तों के साथ नहाने गया एक युवक पानी के तेज बहाव के चलते डूब गया। नहर में डूबा युवक बॉक्सर कोच का बेटा अंगद बताया गया है। एनडीआरएफ व पुलिस ने रेसक्यू अभियान चलाया लेकिन युवक का पता नहीं चला।

बताया गया कि मंगलवार दोपहर को अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर अमित पंघाल के कोच अनिल धनखड़ का बेटा अंगद अपने दोस्त के साथ झज्जर रोड स्थित गांव मायना के पास नहर में नहाने के लिए गया था। नहर में पानी का तेज बहाव होने के कारण वह पानी में डूब गया। घटना का पता लगते ही काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और इसकी सूचना शिवाजी कालोनी थाना पुलिस व परिजनों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस व एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और अंगद की तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। पुलिस का कहना है कि जल्द ही युवक की तलाश कर ली जाएगी। समाचार लिखे जाने तक पुलिस का रेसक्यू अभियान जारी रहा। घटना के बाद से परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।

जयहिंद सेना प्रमुख नवीन भी घटनास्थल पर पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने जिला प्रशासन से अपील की कि नहर पर सुरक्षा के पुख्त प्रबंध किए ताकि बच्चे इस तरह से नहरों में न नहा पाए।

नहरों में स्नान करने व कपड़े धोने पर प्रशासन ने लगाया प्रतिबंध

जिलाधीश अजय कुमार ने अपराध प्रक्रिया नियमावली 1973 की धारा 144 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जेएलएन नहर, यमुना नहर तथा जिला से गुजरने वाली अन्य नहरों में नहाने व कपड़े धोने पर तुरंत प्रभाव से प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किये है। संबंधित एसएचओ प्रवर्तन अधिकारी होंगे तथा वाईडब्ल्यूएस सर्कल रोहतक के संबंधित कार्यकारी अभियंता इन आदेशों की पालना में उनकी मदद करेंगे। आदेश में कहा गया है कि जेएलएन नहर, यमुना नहर तथा जिला से गुजरने वाली अन्य नहर में स्नान करने व कपड़े धोने से मानव जीवन को खतरे का अंदेशा बना रहता है, जिससे जिला की कानून व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है।

Explore our articles