रांची : अवैध बालू खनन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धनबाद और हजारीबाग के बालू कारोबारियों के ठिकानों पर सोमवार को छापा मारा। ब्रॉडसन कोमेडिटी प्राइवेट लिमिटेड बालू कारोबार को संचालित कर रहा था। 2016-17 में इस कंपनी के खिलाफ शिकायत की गयी थी। जांच के लिए एसआईटी गठित हुई थी। इसके बाद यह मामला ईडी तक पहुंचा। इस कंपनी के निदेशक और सदस्यों के यहां ईडी ने छापामारी की है। 12 घंटे से अधिक चले छापेमारी अभियान में ईडी को कई दस्तावेज हाथ लगे हैं।
ईडी की टीम दो वाहन से सोमवार की सुबह सात बजे के करीब हजारीबाग मिशन रोड स्थित संजय सिंह के आवास पर पहुंची। ईडी के अधिकारियों के घर में प्रवेश करते ही बाहर सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया। प्रवेश गेट को अंदर से बंद कर दिया गया। घर के सदस्यों को अंदर से बाहर जाने से रोक दिया गया। सभी मोबाइल को ईडी टीम ने कब्जे में ले लिया। बाहर से अंदर जाने में भी रोक लगा दी गयी।
ईडी टीम के दो पदाधिकारी दोपहर एक बजे के करीब बाहर निकले। वाहन गेट से बाहर निकलते ही सुरक्षा बल के जवानों ने गेट को अंदर से बंद कर दिया। 12 घंटे से अधिक समय तक छापेमारी अभियान चला। संजय सिंह झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) के पूर्व उपाध्यक्ष हैं। उनका संबंध बिहार के बालू कारोबारियों से बताया जाता है।
ईडी ने धनबाद के जिन लोगों को छापेमारी के दायरे में शामिल किया है। उनका संबंध बालू के अलावा शराब के कारोबार से भी है। छापेमारी में बालू के व्यापार में सरकार को राजस्व का नुकसान पहुंचाने और निवेश आदि से संबंधित दस्तावेज जब्त किए गए। बालू माफिया के ठिकानों से गड़बड़ी से संबंधित दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस भी जब्त हुए हैं।


