सांस नली कटने से अत्याधिक रक्त बहने से हुई मौत, पुलिस जांच में जुटी
धमतरी : कुरूद पुलिस थाना क्षेत्र के ग्राम छाती की नर्सरी में युवक की लहूलुहान हालत में लाश मिली है। हत्या की आशंका जताई जा रही है। रविवार को पोस्टमार्टम कराया गया। प्रारंभिक रिपोर्ट में सांस नली कटने और अत्यधिक रक्तस्राव होने से युवक की मौत होने की जानकारी सामने आई है। उसकी हत्या की गई है या आत्महत्या का मामला, अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच में जुटी हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कुरूद थानांतर्गत ग्राम छाती निवासी रोशन साहू 40 वर्ष पुत्र गरीब राम साहू दाहिने हाथ से दिव्यांग है। वह शनिवार की सुबह नौ बजे अपने घर से बाहर निकला था, लेकिन घर नहीं लौटा। उसकी लाश गांव से एक किमी दूर नर्सरी में लहुलुहान हालत में शाम को मिली। सूचना पाकर कुरूद थाना प्रभारी दीपा केंवट, एसआई महेश साहू पुलिस टीम के साथ नर्सरी पहुंचे। मृतक के गले में चोट के निशान थे, जिससे रक्त बह रहा था। शराब की टूटी हुई शीशी पड़ी मिली। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम करवाने कुरूद भेजा।रविवार को पोस्टमार्टम हुआ। पीएम की प्रारंभिक रिपोर्ट में पता चला कि गले की सांस नली किसी धारदार वस्तु से कटी हुई है। नली कटने से अत्याधिक रक्तस्राव होने से उसकी की मौत हो गई। अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गला मृतक ने स्वयं काटकर आत्महत्या की है या किसी अन्य व्यक्ति ने उसका गला काटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। ग्रामीणों ने हत्या का मामला बताकर जांच की मांग की है।


