रायपुर:(Raipur) रायगढ़ के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आज (गुरुवार) से तीन दिवसीय राष्ट्रीय रामायण महोत्सव का शुभारंभ होने जा रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तीन जून तक चलने वाले इस महोत्सव का शुभारंभ करेंगे।
इस महोत्सव में अरण्य कांड पर आधारित रामकथा की प्रस्तुति रामायण के राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय दलों द्वारा होगी। महोत्सव में इंडोनेशिया और कंबोडिया के रामायण दलों द्वारा मंचन भी होगा। रामायण महोत्सव के दौरान दक्षिण पूर्वी एशिया के इन देशों में रामायण के प्रचलित रूपों की झलक मिलेगी।
रामकथा की प्रस्तुति भारत के अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग कला रूपों में होती है। अरण्य कांड पर इनकी भव्य प्रस्तुति आयोजन की सबसे खास विशेषता होगी। पहले दिन अरण्य कांड पर उत्तराखंड, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ राज्यों में प्रतियोगिता होगी। दूसरे दिन झारखंड, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, ओडिशा, असम, हिमाचल प्रदेश, गोवा और छत्तीसगढ़ राज्य के बीच प्रतियोगिता होगी। समापन समारोह पर विजेता दलों को पुरस्कृत किया जाएगा।
महोत्सव के दौरान तीनों दिन सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ होगा। समापन समारोह के दिन केलो महाआरती और दीपदान का आयोजन भी होगा। कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत के बाद हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ होगा। हनुमान चालीसा का पाठ स्थानीय कलाकार और पुरोहितों के द्वारा किया जाएगा। इस मौके पर विदेशी और अंतरराज्यीय कलाकारों द्वारा मार्च पास्ट भी किया जाएगा। महोत्सव में राष्ट्रीय स्तर के दिग्गज कलाकार हिस्सा लेंगे।
समारोह के पहले दिन राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त इंडियन आइडल कलाकार शण्मुख प्रिया और सारेगामा के कलाकार शरद शर्मा अपनी प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम के दूसरे दिन बाबा हंसराज रघुवंशी और लखबीर सिंह लक्खा भजन संध्या की प्रस्तुति करेंगे। समापन समारोह के दिन मैथिली ठाकुर भजन संध्या की प्रस्तुति करेंगी और अंतिम कार्यक्रम कुमार विश्वास का होगा जो अपने-अपने राम म्यूजिक नाइट में प्रस्तुति देंगे। इन सभी कार्यक्रमों के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।


