जयपुर : अरब सागर से उठे तूफान ने राजस्थान में मौसम ने प्रचंड रूप धारण कर लिया है। पाकिस्तान सीमा से सटे इलाकों में हवा चक्रवाती हो गई है। यह इतना प्रबल हो गया कि भारतीय मौसम विभाग ने पाकिस्तान से सटे राजस्थान के सभी जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया है। जैसलमेर के रामदेवरा में दोपहर एक बजे तेज बारिश के साथ ओले गिरे, तो नागौर में तेज तूफान से मोबाइल टावर छह सैकेंड में गिर गया। तूफान के कारण पुष्कर की सावित्री माता मंदिर के रोप वे पर लोग फंस गए। मशक्कत के बाद उन्हें बचाया जा सका। वहीं, डूंगरपुर में मकान गिरने से एक की मौत हो गई है। धौलपुर में करंट की चपेट में आने से दो तेंदुओं की मौत हो गई।
डूंगरपुर में दोपहर 3 बजे से शुरू हुई बारिश से जगह-जगह पानी भर गया। आजाद नगर रोड, अस्पताल परिसर में कई जगह पर पेड़ गिर गए। पेड़ों की शाखाएं टूटकर बिजली के तारों पर गिरी। डूंगरपुर शहर के वसुंधरा विहार कॉलोनी में तेज हवाओं की वजह से एक निर्माणाधीन मकान की दीवार गिर गई। दीवार के नीचे दबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। डूंगरपुर से बिछीवाड़ा रोड पर छापी और बालाडिट के पास पेड़ सड़क पर गिर गए। अलग-अलग इलाकों में हुए हादसों में कुल 7 लोग घायल हो गए। जोधपुर के आसपास के इलाकों में रविवार को तेज बारिश हुई। इस दौरान फलोदी के पास बाप गांव में बारिश से जगह-जगह पानी भर गया। नागौर के खत्रीपुरा स्थित एक मोबाइल टावर तेज हवाओं के बीच एक मकान की छत पर आ गिरा।
जैसलमेर के पोकरण क्षेत्र में रविवार दोपहर एक बजे तेज बारिश शुरू हुई। सड़कों पर पानी बहने लगा। नाले ओवरफ्लो होने के कारण सड़कों पर पानी भर गया। रामदेवरा कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। कस्बे के आसपास और मुख्य बाजार में ओलावृष्टि के कारण कई दुकानों को नुकसान होने की जानकारी मिली है। बीकानेर में दोपहर में तेज तूफान आया। करीब 12 बजे बादल छाने शुरू हुए। एक बजे के आसपास बारिश शुरू हो गई। बारिश इतनी तेज हुई कि सड़कें खाली हो गईं। थोड़ी ही देर में ओले गिरने लगे।
झुंझुनूं के गुढ़ागौड़जी में शनिवार को तेज हवा में उड़े टीनशेड के नीचे दबने से एक किसान की मौत हो गई। बड़ियों की ढाणी निवासी किसान सीताराम गुर्जर (33) पुत्र सुरजाराम गुर्जर के घर पर लगा टीनशेड उड़ गया। उस वक्त सीताराम खेत में बाहर बंधे मवेशियों को खोलने में जुटा हुआ था।
धौलपुर के सोने का गुर्जा थाना क्षेत्र में जारौली गांव के बीहड़ों में 2 लेपर्ड की बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। रेंजर अमर लाल मीणा ने बताया कि शनिवार रात को आंधी की वजह से जारौली गांव के पास बीहड़ में बिजली के तार टूटकर गिर गए थे। इस दौरान जंगल में घूम रहे नर व मादा लेपर्ड करंट की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई।
झालावाड़ जिले में रविवार को सुबह से ही काले बादल छाए रहे। सुबह करीब 9 बजे तेज धूलभरी हवा चली और करीब 9 बजकर 50 मिनट पर तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश का दौर करीब 50 मिनट तक जारी रहा। सवाई माधोपुर में रविवार सुबह से ही बारिश का दौर शुरू हो गया।
मौसम विभाग के वैज्ञानिक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि इस समय मौसम की स्थिति विकट है। पूरे प्रदेश में ऐसे मौसम को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया था। जिस तरह की स्थिति डाप्लर राडार पर इस समय दिखाई दे रही है। उसके अनुसार 100 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार बड़ी बात नहीं है। तीन दिन पहले भी जयपुर में ही 96 किलोमीटर प्रतिघंटा का तूफान हम देख चुके हैं। इस बार इसके साथ तूफान के साथ बारिश भी ज्यादा हो रही है।
मौसम विभाग ने बताया है कि आज दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ आज राज्य के कुछ भागों में सक्रिय हो चुका है। एक और नया पश्चिमी विक्षोभ 30 मई को सक्रिय होने के प्रबल आसार हैं। मौसमी तंत्रों के प्रभाव से बीकानेर संभाग में भारी बारिश हो रही है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश भागों में अगले तीन दिनों के दौरान तेज 70 से 80 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से अंधड़ चल सकता है। पूर्वी राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र में 28-29 मई को भारी बारिश होने की संभावना है। आगामी तीन दिन उदयपुर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा संभाग के अधिकांश भागों में तेज अंधड़, बारिश, तेज मेघगर्जन होने की प्रबल संभावना है। इसके अलावा 30 मई से 1 जून तक प्रदेश में कई जगहों पर यलो अलर्ट जारी किया गया है।


