श्रीगंगानगर:(Sriganganagar) राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (Rajasthan Board of Secondary Education) ने गुरुवार देर रात उच्च माध्यमिक कक्षाओं के परिणाम जारी कर दिए हैं। बोर्ड ने इस साल के पहले परिणाम के रूप में विज्ञान व वाणिज्य संकाय का रिजल्ट जारी किया है। इस बार जहां एक और वाणिज्य के रिजल्ट में सुधार हुआ है वहीं विज्ञान के रिजल्ट में भारी गिरावट का सामना करना पड़ा है।
बोर्ड द्वारा परिणाम जारी करने के साथ ही विद्यार्थियों को उत्तर पुस्तिकाओं की संवीक्षा तथा संवीक्षा उत्तर पुस्तिका की प्रति ऑनलाइन प्राप्त करने के लिए दस दिन का समय दिया गया है। जिसके लिए परीक्षार्थी 28 मई तक निर्धारित शुल्क अदा कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं जबकि इसके बाद 5 दिन तक विलंब शुल्क का भुगतान करना होगा।
यह रहेगी आवेदन की प्रक्रिया
इस साल की बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए परीक्षार्थी 300 रुपए शुल्क व उसके पांच दिन बाद तक 600 रुपए शुल्क के साथ उत्तर पुस्तिका की संवीक्षा या प्रति प्राप्त करने के लिए बोर्ड की वेबसाइट पर स्व प्रमाणित आईडी से आवेदन अपलोड कर सकेंगे। इसके लिए निर्धारित शुल्क नेट बैंकिंग, डेबिट, क्रेडिट कार्ड तथा ई-मित्र के जरिए जमा करवाया जा सकता है। जबकि उत्तर पुस्तिका के अवलोकन करने में कोई आपत्ति हो तो वह निधारित 100 रुपए शुल्क के साथ ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करवा सकता है।
वाणिज्य में बेटियों का रिजल्ट 100 फीसदी
इस साल के रिजल्ट में महत्वपूर्ण बात यह रही कि वाणिज्य संकाय में जिला पूरे प्रदेश भर में तीसरे स्थान पर रहा है। जिसमें विशेष रूप से बेटियों का योगदान रहा है। जिले के इतिहास में पहली बार छात्राओं ने सौ फीसदी परीक्षा परिणाम देते हुए जिले का नाम रोशन किया है। इसके अलावा विज्ञान में 80 और वाणिज्य में 88 प्रतिशत छात्राओं ने प्रथम श्रेणी प्राप्त की है।
पुनर्मूल्यांकन या पुन: जांच का प्रावधान नहीं
आरबीएसई में उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन या पुन: जांच का प्रावधान नहीं है। संवीक्षा प्रदत्त अंकों के मिसमैच, लेखन में भिन्नता, अंक छूटना आदि त्रुटियों का निवारण किया जाता है। संबंधित परीक्षार्थी बोर्ड वेबसाइट के होम पेज पर उपलब्ध स्कू्रटनी- 2023 लिंक से आवेदन कर सकेंगे।


