हिसार : सदर पुलिस ने जमीन बेचने के नाम पर 87 लाख रुपए हड़पने के मामले में शनिवार को आरोपित पीरावाली गांव निवासी गोविंद को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर इस वर्ष 31 जनवरी को धोखाधड़ी व जान से मारने की धमकी देने की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था।
मामले के जांच अधिकारी एएसआई विनोद कुमार ने शनिवार को बताया कि आरोपित गोविंद ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर न्योली कलां निवासी सुनील कुमार के साथ जमीन बेचने के बहाने से धोखाधड़ी कर 87 लाख रुपए हड़पे थे। उन्होंने बताया कि 18 मई 2021 को शिकायतकर्ता न्योली कलां निवासी सुनील कुमार ने आरोपित गोविंद के साथ 28 लाख रुपए देकर 25 लाख के हिसाब से तीन एकड़ जमीन का इकरारनामा किया था। इकरारनामे में जमीन पर लोन का भी जिक्र हुआ था, जिसमे गोविंद सिंह ने कहा कि वह लोन की पूरी पेमेंट कर देगा। सुनील कुमार ने गोविंद सिंह को जमीन के अलग अलग तिथि पर 73 लाख 70 हजार रुपए बैंक अकाउंट के जरिए और 13 लाख 30 हजार रुपए नकद दिए। इस पर आरोपित गोविंद सिंह ने सुनील कुमार को जमीन पर कब्जा दे दिया, परंतु कब्जे वाली जमीन में से कुछ जमीन आरोपित ने पहले ही बेच रखी थी।
आरोप है कि 21 अक्तूबर 2021 को जमीन की रजिस्ट्री की तारीख तय की थी, परंतु गोविंद ने जमीन की रजिस्ट्री सुनील कुमार के नाम नहीं करवाई। पैसे वापस मांगने पर गोविंद सिंह ने शिकायतकर्ता सुनील कुमार को जान से मारने की धमकी दी। पंचायती फैसले में गोविंद सिंह ने 12 मई 2022 तक पैसे लौटाने के बारे में एग्रीमेंट किया, लेकिन आरोपित ने सुनील कुमार को पैसे नहीं लौटाए। पुलिस के अनुसार आरोपित गोविंद सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर शिकायतकर्ता सुनील कुमार से 87 लाख रुपये हड़प लिए। पुलिस ने गोविंद को अदालत में पेश किया, जहां से उसे पूछताछ के लिए तीन दिन के रिमांड पर भेज दिया गया।


