spot_img

Barmer : सरहद पर तारबंदी पार करते मारे गए घुसपैठियों के शव पाक रेंजर्स को सौंपे

बाड़मेर : जिले के मुनाबाव इंटरनेशनल बॉर्डर पर सोमवार रात तारबंदी पार कर रहे दो घुसपैठियों को मार गिराने के बाद गुरुवार को उनके शव पाक रेंजर्स को सौंप दिए गए। दोनों संदिग्ध करीब तीन किलो हेरोइन की खेप लेकर तारबंदी क्रॉस कर भारत में घुसे थे। लेकिन, पाकिस्तानी रेंजर्स इसे मानने को तैयार नहीं हुए। गुरुवार सुबह तक चली तीसरे दौर की फ्लैग वार्ता में पाक रेंजर्स ने भी ये मान लिया कि ये दोनों पाकिस्तान से आए थे। इससे पूर्व बुधवार को दोनों के शवों का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया। इसके बाद गुरुवार सुबह चार बजे पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच सीमा सुरक्षा बल के जवान दोनों घुसपैठियों के शवों को मुनाबाव बॉर्डर लेकर रवाना हुए। इसके बाद सुबह करीब साढ़े दस बजे मुनाबाव बॉर्डर पर शवों को सुपुर्द कर दिया गया।

मुनाबाव इंटरनेशनल बॉर्डर पर सोमवार रात तारबंदी पार कर रहे दो घुसपैठियों को 13 बटालियन बीएसएफ के जवानों ने गाेली मार दी थी। जवानों ने पहले दोनों को चेतावनी दी, जब वे नहीं रुके तो ढेर कर दिया। भारत-पाक के बीच फ्लैग मीटिंग के बाद शव तीसरे दिन पाकिस्तान रेंजर्स व पुलिस को सुपुर्द किए गए, जहां से शवों को जीरो पाइंट से लेकर पाकिस्तान रवाना हो गए। दोनों घुसपैठियों की पहचान खोखरापार निवासी रमजान (51) पुत्र मजीब, शहाबुद्दीन (28) पुत्र अनवर खान के रूप में हुई। दोनों की तलाशी में उनके पास तीन पैकेट हेरोइन, एक मोबाइल, टॉर्च सहित टॉफियां मिली थीं।

घुसपैठियों को मार गिराने के बाद रात को बीएसएफ और पाक रेंजर्स के बीच फ्लैग मीटिंग हुई। पाक रेंजर्स को दोनों तस्करों की सूचना दी गई लेकिन पाकिस्तान रेंजर्स मानने को तैयार नहीं थे कि ये पाकिस्तान से बॉर्डर क्रॉस कर यहां आए थे। बुधवार को दूसरे दौर की फ्लैग मीटिंग मुनाबाव में हुई। इस मीटिंग में भारत और पाक के ऑफिसर भी शामिल थे। इसी मीटिंग में दोनों के पाकिस्तानी होने की पाक रेंजर्स ने पुष्टि की और इनकी पहचान भी की।

एएसपी सतेंद्रपालसिह ने बताया कि पाक घुसपैठिए के शवों को बाड़मेर मोर्चरी से रवाना किया गया। गुरुवार सुबह 10:30 बजे कागजी कार्रवाई कर पाक शवों को अमरकोट के पुलिस व पाक रेंजर्स को सुपुर्द कर दिया गया है।

Explore our articles