spot_img

New Delhi : नशा मुक्त भारत अभियान के तहत सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग और आर्ट ऑफ लिविंग के बीच हुआ करार

नई दिल्ली : नशा मुक्त भारत अभियान (एनएमबीए) को अधिक प्रभावी और व्यापक बनाने के मकसद से बुधवार को सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग और आर्ट ऑफ लिविंग के बीच समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। महत्वाकांक्षी नशा मुक्त भारत अभियान वर्तमान में देश के 372 जिलों में चल रहा है।

डॉ बीआर आम्बेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ वीरेंद्र कुमार और आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्रीश्री रविशंकर भी मौजूद थे। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री डॉ वीरेंद्र कुमार ने कहा कि सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग ने युवाओं, महिलाओं, छात्रों के बीच नशा मुक्त भारत अभियान के संदेश को फैलाने के लिए आर्ट ऑफ लिविंग के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। नशीली दवाओं की मांग के खतरे को रोकने के लिए भारत सरकार ड्रग डिमांड रिडक्शन के लिए राष्ट्रीय कार्य योजना लागू कर रही है।

मंत्री ने कहा कि यह एक व्यापक योजना है, जिसके तहत राज्य सरकारों एवं केंद्र शासित प्रदेश (यूटी) प्रशासनों को निवारक शिक्षा और जागरूकता सृजन, क्षमता निर्माण, कौशल विकास, व्यावसायिक प्रशिक्षण और पूर्व नशा करने वालों की आजीविका सहायता के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है।

उल्लेखनीय है कि मंत्रालय ने महत्वाकांक्षी नशा मुक्त भारत अभियान शुरू किया है। इसके तहत 372 चिन्हित जिलों में अभियान गतिविधियों का नेतृत्व करने के लिए 8,000 मास्टर स्वयंसेवकों को चयनित और प्रशिक्षित किया गया है। अबतक 3.13 करोड़ से अधिक युवाओं ने अभियान की गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लिया है और इसका प्रसार किया है।

Explore our articles