spot_img

Vienna: टूटे थे आठ में से पांच टॉयलट, दो घंटे हवा में रहकर वापस लौटा विमान

वियना:(Vienna) ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना से न्यूयॉर्क जा रहे ऑस्ट्रियन एयरलाइंस (Austrian Airlines going to New York) के एक विमान को दो घंटे हवा में रहकर वापस लौटना पड़ गया। दरअसल उस विमान के आठ में से पांच टॉयलट टूटे हुए थे, इसलिए उसे वापस वियना ले जाया गया।

जानकारी के मुताबिक ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना से ऑस्ट्रियन एयरलाइंस के एक बोइंग 777 विमान ने अमेरिकी शहर न्यूयॉर्क के लिए उड़ान भरी थी। यह विमान 300 यात्रियों के साथ रवाना हुआ था। इन यात्रियों को आठ घंटे की यात्रा कर न्यूयॉर्क पहुंचना था। यात्रा शुरू होने के कुछ देर बाद ही यात्रियों को विमान के टॉयलेट की समस्या का भान हुआ। विमान में आठ टॉयलेट थे, किन्तु उनमें से पांच टूट गए थे। टूटे टॉयलट का प्रयोग न कर पाने के कारण यात्रियों को समस्या हो रही थी। अगले आठ घंटे तक की यात्रा में संकट की संभावना भांप कर विमान के चालक दल ने इसे वापस वियना ले जाने का फैसला लिया। दो घंटे हवा में रहकर विमान वापस वियना आ गया।

ऑस्ट्रियन एयरलाइंस की एक प्रवक्ता ने बताया कि तकनीकी समस्या के कारण शौचालयों को ठीक से फ्लश नहीं किया जा सका, जिसके बाद विमान के चालक दल ने वापस लौटने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि उनकी जानकारी में ऑस्ट्रियन एयरलाइंस की उड़ान में ऐसी समस्या पहले नहीं आई थी। प्रवक्ता ने कहा कि विमान को ठीक कर लिया गया है और यह सेवा में वापस आ गया है। प्रभावित यात्रियों को अन्य उड़ानों से न्यूयॉर्क भेज दिया गया।

Explore our articles