
बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में कथित तौर पर एक युवक की उसकी पत्नी ने ईंट मार कर हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
नवाबगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) राजीव कुमार ने बताया कि शनिवार की रात पुलिस को 112 नंबर पर सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के नवादा नत्थुआ निवासी पप्पू (25) की उसकी पत्नी ने ईंट से प्रहार कर हत्या कर दी।
उन्होंने बताया कि रविवार को शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि पप्पू मजदूरी करता था और उसकी पत्नी प्राग देवी भी दूसरे गांव में काम करती है। पप्पू अपनी पत्नी पर किसी युवक से अवैध संबंध को लेकर शक करता था जिसको लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद हुआ।
चर्चा है कि शनिवार की रात भी दोनों में विवाद हुआ और इसके बाद उसने ईंट से प्रहार कर दिया, उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


