spot_img

MUMBAI : ‘देश में एक ही फ्रंट है BJP, कांग्रेस का टेंट खाली’ : कविता कल्वकुंतला

मुंबई : 2024 के लोकसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस सिलसिले में शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान एक दिन के मुंबई दौरे पर आए। मातोश्री जाकर उद्धव ठाकरे से मिले और चुनाव के बारे में या गठबंधन को लेकर कुछ भी कहने से बचकर चले गए। शनिवार (25 फरवरी) तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की विधायक बेटी कविता कल्वकुंतला का मुंबई आगमन हुआ। मुंबई आकर उन्होंने इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर पुष्प अर्पण किया और सर झुका कर अभिवादन किया।
इसके बाद MLC कविता कल्वकुंतला ने अपने मुंबई दौरे की जानकारी ट्वीट कर के दी। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, ‘आज मुंबई दौरे के दौरान, मराठा साम्राज्य के संस्थापक हिंदुस्तान के वीर योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज को महाराष्ट्र की संस्कृति और पारंपरिक प्रथाओं के साथ पुष्प श्रद्धांजलि अर्पित करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।’ यह संदेश लिख कर उन्होंने ‘जय हिंद, जय महाराष्ट्र’ लिखा। कल्वकुंतला के साथ बड़ी संख्या में उनके समर्थक भी मौजूद थे। कल्वकुंतला से जब थर्ड फ्रंट बनाने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इस सिलसिले में उनके पिता KCR जल्दी ही महाराष्ट्र के आला नेताओं से बात करेंगे।

‘महाराष्ट्र से तेलंगाना का रिश्ता, रोटी-बेटी का’
इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत में कल्वकुंतला ने महाराष्ट्र और तेलंगाना का रिश्ता रोटी-बेटी का बताया. उन्होंने कहा, ‘हमारी महाराष्ट्र के साथ 1000 किलोमीटर से ज़्यादा बड़ी सीमा लगती है। महाराष्ट्र और तेलंगाना लगातार विकास की ओर आगे बढ़ रहे हैं। महाराष्ट्र की जनता हमसे 2014 से ही लगातार यह कहती रही है कि आप महाराष्ट्र में आइए और हमारे लिए काम करिए। महाराष्ट्र में विदर्भ के लोग अलग राज्य की मांग करते रहे हैं। वे केसीआर के नेतृत्व से प्रभावित हैं। हम लोगों की भलाई का एजेंडा लाए हैं। आगे कल्वकुंतला ने कहा, ‘जिस तरह तेलंगाना जैसे नए राज्य में काम हुआ है, वैसा ही काम देश के बाकी हिस्सों में भी हो सकता है। हम यही एजेंडा लेकर महाराष्ट्र की जनता के पास आए हैं। आगे कई चुनाव आने वाले हैं, सभी चुनावों के लिए पार्टी तैयारी में लगी है। हमें उम्मीद है कि हम महाराष्ट्र के विकास में एक प्रोग्रेसिव पार्टनर बन सकेंगे। यहां जनता हमें अगर इस काबिल समझे, तो हम अपने आप को सौभाग्यशाली समझेंगे। महाराष्ट्र की धरती से हमें प्रेरणा मिलती है।’आगे केसीआर की विधायक बेटी ने कहा, ‘देश में एक ही फ्रंट है बीजेपी, दूसरा फ्रंट कांग्रेस बिल्कुल खाली है, वहां टेंट नहीं है, फ्रंट नहीं है, कुछ नहीं है। जो भी विकल्प बनेगा वही दूसरा फ्रंट होगा। वही बीजेपी को चुनौती देगा। केसीआर साहब पिछले कई सालों से इसी कोशिश में लगे हुए हैं, जितनी भी क्षेत्रीय पार्टियां हैं, उनको साथ लेकर चलने के लिए वे कोशिश कर रहे हैं। आगे चलकर ये प्रयास जारी रहेंगे, हम महाराष्ट्र आते जाते रहेंगे।’

Explore our articles