मुंबई : लंबे समय से भाजपा में हाशिए पर चल रही पार्टी की राष्ट्रीय सचिव पंकजा मुंडे की नाराजगी की खबरों के बीच प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने पंकजा को लेकर बड़ा बयान दिया है। बावनकुले ने कहा कि भाजपा में पंकजा और पार्टी को बदनाम करने वाला एक गुट है। बीड में एक वीडियो के वायरल होने को लेकर बावनकुले ने कहा कि भाजपा में पंकजा मुंडे और पार्टी को बदनाम करने वाला एक गुट है। वही गुट बदनामी कर रहा है। शुक्रवार को मेरे साथ संपूर्ण यात्रा में पंकजा मुंडे मेरे बाद ही बोलीं। मैंने पंकजा मुंडे को पहला स्थान दिया, यह मेरी जिम्मेदारी है, मैंने कोई उपकार नहीं किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंकजा मुंडे हमारी नेता हैं, वे हमारी राष्ट्री य सचिव हैं, इस लिए ऐसा सोचा गया कि उन्हें बाद में बोलने दिया जाए, पहले मैं बात करता हूं।पंकजा मुंडे की नाराजगी से जुड़े सवाल पर बावनकुले ने कहा कि पंकजा से मेरी रोज बातचीत होती है। मेरी और उनकी परसों ही चर्चा हुई। परसों उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। कभी-कभी व्यक्तिगत समस्याएं आती हैं। कोई भी नेता हर किसी कार्यक्रम में उपस्थित नहीं रह सकता है।शनिवार को देवेंद्र फडणवीस उपमुख्यमंत्री के रूप में बीड गए हैं। उस कार्यक्रम में यदि कोई विधायक नहीं पहुंच सका तो इसका अर्थ यह लगाया जाए कि वह गैर हाजिर रहा? एक नेता के जाने के बाद दूसरे नेता को हाजिर रहने की क्या जरूरत है? एक ही कार्यक्रम में चार-पांच नेता क्यों फंसें? अलग-अलग कार्यक्रम करना हमेशा बेहतर होता है।
कभी भाजपा नहीं छोड़ेंगी पंकजा
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पंकजा मुंडे के खून में भाजपा है। वे कभी भी दूसरी पार्टी में नहीं जा सकती। यह सब केवल अफवाह है। विपक्ष को अपनी पार्टियां संभालनी चाहिए। पंकजा मुंडे को लेकर अफवाह नहीं फैलाई जाए। वे राष्ट्रीय राजनीति में हैं। उनके पास गोपीनाथ मुंडे के संस्कार हैं। पंकजा मुंडे को कोई नहीं बहका सकता।
पंकजा ने कही मन की बात
विधानसभा चुनाव हारने और विधान परिषद में न भेजे जाने के बाद से पंकजा की नाराजगी गाहे-बगाहे सामने आती रहती हैं। उनके पार्टी छोड़ने की खबरे भी तैरती रही हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बावनकुले के सामने भी उन्होंने नाराजगी प्रकट करते हुए कहा कि बाहरी लोगों को बीड जिले में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए और हमारे जिले के सुखी संसार को हमें ही संभालने दिया जाए। मराठवाडा शिक्षक सीट की भाजपा उम्मीदवार किरण पाटिल के प्रचार में आयोजित कार्यक्रम में पंकजा ने प्रदेश अध्यक्ष बावनकुले के सामने अपने मन की बात कही।