भिवंडी : शहर के खोनीगांव इलाका स्थित अडोन एक्सपोर्ट वेयर हॉउस से करीब एक करोड़ रुपए के कपड़े चोरी वाली टोली का पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने घटना स्थल पर मिले पानी की बोतल और चिप्स पैकेट द्वारा सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरी करने वाली टोली के सदस्य को गिरफ्तार कर उसके पास से 99 लाख 39 हजार रुपए का माल बरामद किया है। जबकि इस वारदात को अंजाम देने वाले उसके अन्य 4 साथियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है ।
पुलिस शंकुल हाल में आयोजित पत्रकार परिषद में पुलिस उपआयुक्त नवनाथ धवले ने बताया की आठ जनवरी को खोनीगांव स्थित अडोन एक्सपोर्ट वेयर हॉउस में अज्ञात चोरों ने वेयर हॉउस का शटल तोड़ कर 99.39 लाख रुपए का पैंट शर्ट, टीशर्ट, पर्दा, पैंट की पॉकिट में इस्तेमाल होने वाला कपड़ा सलवार सूट समेत विभिन्न कंपनी के कपड़ों सहित वहां लगे सी, सी, टीवी डिवीआर चोरी कर फरार हो गए थे, जिसकी शिकायत वेयर हॉउस मालिक ने निज़ामपुरा पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई थी। आरोपियों की कोई शनाख्त ना होने के कारण उन तक पहुंचना पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं था, जिसके बाद पुलिस उपआयुक्त नवनाथ धवले के निर्देशानुसार पुलिस की कई टीमों का गठन कर इस मामले की छानबीन शुरू की गई और घटना स्थल पर मिले पानी की बोतल और चिप्स पैकेट की मदद से आस-पास के सभी सीसीटीवी कैमरे को खंगालना शुरू किया, जहा एक होटल के सीसीटीवी कैमरे एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, जिस का नाम परशुराम सरवदे था, जिसे पुलिस ने अंजूरफाटा इलाके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस ने अंजूर फाटा इलाके से चोरी किया गया। 99.39 लाख रुपए का माल बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी परशुराम सरवदे ने पूछ ताछ के दौरान बताया की इस वारदात में उसके अन्य चार साथी भी शामिल थे, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस उपआयुक्त नवनाथ धवले ने बताया की गिरफ्तार आरोपी को भिवंडी न्यायालय में पेश किया गया था, जहां न्यायालय ने 15 जनवरी तक पुलिस हिरासत में रखने का आदेश दिया है।


