
जौनपुर : (Jaunpur) खराब मौसम के चलते अब वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में प्रतियोगिताओं को स्थगित नहीं करना होगा। लगभग पांच करोड़ की लागत से यहां बन रहे इंडोर स्टेडियम में जनवरी से प्रतियोगिताएं शुरू हो जाएंगी। यह स्टेडियम क्षेत्र का सबसे बड़ा स्टेडियम होगा। इसमें क्रिकेट, हाकी और फुटबाल को छोड़कर लगभग 20 प्रतियोगिताएं संपन्न कराई जा सकेंगी।
पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में एकलव्य स्टेडियम के सामने एक छोटे से इंडोर स्टेडियम का निर्माण दो दशक पहले शुरू हुआ, जो नींव पड़ने के बाद ही ठप पड़ गया। विश्वविद्यालय खेल विभाग को खराब मौसम के समय वालीबाल, बास्केटबाल, हैंडबाल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, जूडो, कुश्ती, वेटलिफ्टिंग, पावर लिफ्टिंग, बक्सिंग, वूसू, ग्रेपलिंग आदि प्रतियोगिताएं कराने में काफी दिक्कत उठानी पड़ती थी।


