spot_img

Prayagraj: शंकरगढ़ में बनाया जाए 100 बेड का आधुनिक अस्पताल

Prayagraj

सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने मंडलायुक्त को पत्र लिख बताई जरूरत

आलोक गुप्ता
प्रयागराज
: (Prayagraj) प्रयागराज-चित्रकूट मार्ग पर स्थिति शिवराजपुर शंकरगढ़ में 100 बेड के अस्पताल व ट्रामा सेंटर की स्थापना की मांग सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने उठाई है। उन्होंने मंडलायुक्त को भेजे गए पत्र में बताया कि आधुनिक तकनीक का अस्पताल न होने से शंकरगढ़ की सीमा पर स्थित चित्रकूट एवं मध्यप्रदेश के रींवा जिले के नागरिकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इमरजेंसी में चित्रकूट, बांदा और रींवा बार्डर के मरीजों को प्रयागराज के लिए रेफर करना पड़ता है। यहां पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त अस्पताल के बनने से लाखों लोगों को फायदा होगा।

भाजपा के पूर्व जिला मीडिया प्रभारी दिनेश तिवारी बताया कि शंकरगढ़ क्षेत्र में जेपी पावर प्लांट, अल्ट्राटेक सीमेंट कारखाना, नगर पंचायत, ब्लॉक, रेलवे स्टेशन आदि कई प्रतिष्ठान हैं। यह सिलिका सैंड और गिट्टी सप्लाई का बहुत बड़ा केंद्र है, साथ ही मंगलौर मिनरल्स, महाकौशल ग्रुप, सांची सीमेंट जैसे उद्योग खुल रहे हैं। कई उद्योग आ रहे हैं।

ज्ञातव्य हो प्रयागराज-चित्रकूट का सबसे व्यस्तम मार्ग है। माघ, कुंभ तथा महाकुंभ मेले में करोड़ों लोगों का आवागमन होता है। आए दिन दुर्घटनाओं के कारण समय पर इलाज न मिलने से काल के गाल में समा जा रहे है। सबसे बड़ी बात जसरा में आए दिन रेलवे फाटक बंद होने पर लगभग एक से दो घंटे का जाम नासूर बन चुका है। जिस कारण एंबुलेंस में ही गंभीर मरीजों का निधन हो जाता है।

पूर्व जिला मीडिया प्रभारी दिनेश तिवारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की शिवराजपुर और शंकरगढ़ में सरकारी जमीनें उपलब्ध हैं। 2019 कुंभ मेले में अमावस्या के एक दिन में लगभग 24 करोड़ लोगों ने प्रयागराज में डुबकी लगाई थी। योगी सरकार ने सफलता के कई कीर्तिमान स्थापित किए थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में आगामी 2025 महाकुंभ मेला दिव्यता व भव्यता से संपादित कराने का संकल्प लिया है। जिसमें कहा गया कि 80 किमी की परिधि में बेहतर स्वास्थ्य चिकित्सा के लिए 100 शैय्या अस्पताल का निर्माण प्रमुख मार्ग में कराया जाएगा। प्रयागराज से लगभग 42 किमी की दूरी पर शंकरगढ़ है। शंकरगढ़ से चित्रकूट लगभग 80 किमी दूर हैं। जहां से लाखों नागरिकों, पर्यटकों व दर्शनार्थियों और श्रद्धालुओं का आवागमन है।

यहां पर 100 बेड का अस्पताल व ट्रामा सेंटर बनने से लाखों लोगों का इलाज समय से मिलने पर कई जिंदगी बचाई जा सकेगी। जिसका चित्रकूट, मध्यप्रदेश के रीवा जिले वासियों के लिए बड़ी सौगात होगी। कई वर्षों से स्थानीय नागरिक सौ बेड अस्पताल बनाने की मांग करे हैं। जनता की मांग पर सांसद डा. रीता बहुगुणा जोशी ने मंडलायुक्त को पत्र लिखा है।

Explore our articles