
ठाणे : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के घर के सामने मुंबई नासिक राष्ट्रीय महामार्ग पर गड्ढों की भरमार है। इन गड्ढों को लेकर विधानसभा में विरोधी दल के नेता अजित पवार ने सीएम शिंदे को पत्र लिखा है। उनसे इस समस्या को दूर करने का आग्रह किया है। ताकि लोग इन गड्ढों के दर्द से राहत का अनुभव कर सके।
विदित हो कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के घर के सामने से गुजरने वाले मुंबई नासिक राष्ट्रीय महामार्ग पर इस समय गड्ढों की भरमार है। जिस कारण यह महामार्ग जानलेवा हो गया है। लोग जान हथेली पर रख कर लोग इस महामार्ग से आवाजाही कर रहे हैं। छोटे बड़े वाहनों के साथ भी यही स्थिति है। इन बातों का जिक्र करते हुए अजित पवार ने आग्रह किया है कि इस रास्ते की जल्द से जल्द मरम्मत करवाई जाए। साथ ही अन्य समस्याओं का भी शीघ्र निदान हो। सीएम शिंदे को लिखे पत्र में विरोधी दल के नेता पवार ने मुंबई नासिक राष्ट्रीय महामार्ग की विविध समस्याओं भी उल्लेख किया है। साथ ही कहा गया है कि बदहाल महामार्ग के कारण हर रोज यातायात जाम की स्थिति पैदा हो रही है। पवार ने इस बात का विशेष जिक्र किया है कि मुंबई के प्रवेश द्वार आनंद नगर टोल नाका से ठाणे प्रवेश करने के साथ ही कुछ किलोमीटर दूरी पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का निवास स्थान है। जो इस महामार्ग पर स्थित है।
वही इस बात का विशेष जिक्र किया गया है कि बारिश के दौरान गड्ढों के कारण सड़क और वाहन अपघातों की संख्या में भारी वृद्धि हुई। जिस कारण कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी। यातायात जाम के कारण पूरा शहर त्रस्त रहता है। इतना ही नहीं यातायात जाम के कारण वायु प्रदूषण एक गंभीर समस्या है। पवार ने पत्र में स्पष्ट तौर पर कहा है कि मुंबई नासिक राष्ट्रीय महामार्ग महामार्ग महामार्ग नहीं बल्कि यमराज की तरह दिख रहा है। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए अजित पवार ने मुख्यमंत्री शिंदे को सलाह दी है कि वे सड़कों के गड्ढे पाटने, पुलों के अधूरे काम को पूरा करें तथा भारी वाहनों के कारण होने वाली यातायात जाम की समस्या के स्थायी समाधान करें। इसके लिए शहर के जनप्रतिनिधी, परिवहन संघटना, प्रवासी संघटना, स्थानीय नागरिक आदि को विश्वास में लेकर योग्य यातायात नियोजन की निजी पहल करें। ताकि लाखों लोगों को इस समस्या से मुक्ति मिल सके। पवार ने घोड़बंदर रोड को लेकर भी जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि ठाणे घोड़बंदर रोड यातायात जाम के कारण कई तरह की समस्याएं पैदा हो रही है। इसके साथ ही भिवंडी की ओर जाने वाली सड़कों पर तो यातायात जाम एक अभिशाप ही बना हुआ है। यहां कई कई किलोमीटर लंबा यातायात जाम देखा जाता रहा है।


