THANE : गड्ढों की पोल खोल रहे ठाणे के कांग्रेसी

0
214

चार करोड़ की निधि का हो गया बंदरबांट

ठाणे : ठाणे शहर में गणपति आगमन में सिर्फ कुछ दिन बचे हैं। इसके बाद भी शहर के गड्ढों को पाटा नहीं जा सका है, जबकि इस कार्य के लिए चार करोड़ की निधि का आवंटन पहले ही किया गया था। इस स्थिति को देखते हुए ठाणे शहर कांग्रेस की ओर से निजी तौर पर सड़कों पर हुए गड्ढों की भराई की गई। ठाणे शहर कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत चव्हाण के नेतृत्व में गड्ढा भरो अभियान रविवार को ठाणे शहर में शुरू किया गया, जिसके तहत सड़कों के गड्ढे कांग्रेसी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मिलकर भरे और ठाणे मनपा प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश भी जताया। विदित हो कि आगामी बुधवार को गणराया का आगमन होने जा रहा है। इसके बाद भी ठाणे शहर की सड़कों के गड्ढे पाटे नहीं गए हैं। जिस कारण गणपति के आगमन और विसर्जन दोनों ही अवसरों पर भक्तों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इस स्थिति को देखते हुए कांग्रेसियों ने गणपति भगवान की वेशभूषा में सड़कों पर उतर कर गड्ढे बुझाए और प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस के इस अनोखे विरोध प्रदर्शन ने शहरवासियों का ध्यान अपनी ओर खींचा।
विरोध आंदोलन को लेकर ठाणे शहर कांग्रेस प्रवक्ता व महासचिव सचिन शिंदे ने बताया कि महीनों बाद भी शहर के कई भागों में सड़कों पर निकले गड्ढे अभी तक पाटे नहीं गए हैं। हर साल यही स्थिति रहती है। करोड़ों की रकम गड्ढे भरने के नाम पर आवंटित तो होती है, लेकिन भ्रष्टाचार के कारण गड्ढे नहीं भरे जाते हैं। यही स्थिति इस बार भी देखी जा रही है, इसलिए हमें आंदोलन करने हेतु विवश होना पड़ा है। शहरवासियों के लिए दुख की बात यह है कि गत 5 सालों में ठाणे शहर की सड़कों के मद में 15 सौ करोड़ की निधि खर्च की जा चुकी है। इसके बाद भी नागरिकों को हर साल और हर महीने गड्ढों का ही उपहार मिल रहा है। यह स्थितियां साफ दर्शा रही है कि सड़कों के नाम पर भारी झोलझाल किया जा रहा है। इस विरोध आंदोलन में शहर कांग्रेस के उपाध्यक्ष धर्मवीर मेहरोल, ओ.बी.सी.विभाग अध्यक्ष राहुल पिंगले,एड. हिदायत मुकादम ,किशोर कांबले , प्रवीण खैरालिया,अफजल तलवलकर, सुरेन भोई, हेमंत भोई, दिनेश मेहरोल,क्षभरत भोई, देविचंद भक्त, संजय घाग,साहिल सुर्यवंशी,राजा चिंडालिया,अजय चिंडालिया आदि शामिल हुए।