spot_img

West Singhbhum: झारखंड के कोल्हान जंगल में मुठभेड़, सुरक्षाबलों ने चार नक्सली मार गिराए, दो जिंदा हत्थे चढ़े

पश्चिमी सिंहभूम:(West Singhbhum) झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले (West Singhbhum district of Jharkhand) के नक्सल प्रभावित गुवा थाना क्षेत्र स्थित कोल्हान जंगल में सुरक्षाबलों ने सोमवार सुबह मुठभेड़ में चार नक्सलियों को मार गिराया। इनमें एक महिला नक्सली भी है। मौके से हथियार और अन्य सामग्री बरामद हई है। जिले के एसपी आशुतोष शेखर ने इसकी पुष्टि की है।

उन्होंने कहा कि दो नक्सलियों को जीवित पकड़ने में भी कामयाबी मिली है। इनमें एक एरिया कमांडर और एक महिला नक्सली है। मारे गए नक्सलियों में एक जोनल कमांडर, एक एरिया कमांडर और एक सब-जोनल कमांडर के अलावा एक महिला नक्सली शामिल है। अभी तलाशी अभियान जारी है।

एसपी आशुतोष शेखर ने बताया कि गुवा थाना क्षेत्र में भाकपा माओवादी नक्सलियों के एकत्र होने की सूचना पर सीआरपीएफ, झारखंड पुलिस और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम को इस अभियान में यह कामयाबी मिली। कुछ नक्सली घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल भी रहे।

उल्लेखनीय है कि चाईबासा जिले में नक्सलियों का सबसे बड़ा दस्ता मौजूद है। जिले के जराइकेला और टोंटो थाना क्षेत्र में मिसिर बेसरा, पतिराम मांझी, सिंगरई, अजय महतो का दस्ता सक्रिय है। इस दस्ते में 65 नक्सली कैडर हैं। चाईबासा जिले के ही गोइलकेरा और सोनूवा थाना क्षेत्र में मेहनत और अमित मुंडा का दस्ता सक्रिय है। इस दस्ते में 30 नक्सली कैडर हैं।

Explore our articles