spot_img

Washington: अमेरिकी राजदूत गार्सेटी का बयान, भारत-अमेरिका संबंध पूरी दुनिया के लिए महत्वपूर्ण

वाशिंगटन:(Washington) भारत (India) में अमेरिका के नवनियुक्त राजदूत एरिक गार्सेटी ने कहा है कि पूरी दुनिया के भविष्य के लिए भारत-अमेरिका संबंध बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा है कि दोनों देश कई मुद्दों पर साथ मिलकर काम कर रहे हैं और इससे पहले ऐसा कभी नहीं हुआ।

अमेरिकी संसद में इंडिया कॉकस के सह-अध्यक्ष रो खन्ना और माइकल वाल्ट्ज द्वारा आयोजित यूएस-इंडिया समिट में भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिकों को संबोधित करते हुए एरिक गार्सेटी ने कहा कि हमारा संबंध दुनिया के भविष्य के लिए बेहद अहम है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका अपरिहार्य सहयोगी हैं।

गार्सेटी ने बताया कि जब वे भारत के लिए नियुक्त हुए थे तो उनकी राष्ट्रपति जो बाइडन से मुलाकात हुई थी। इस मुलाकात में भारत-अमेरिका संबंधों पर राष्ट्रपति बिल्कुल स्पष्ट थे। उन्होंने कहा कि यह समय बेहद नाजुक है। साथ ही दोनों देशों के संबंधों के लिए भी अहम समय है। गार्सेटी ने कहा कि भारत और अमेरिका दुनिया के प्रमुख लोकतंत्र हैं। दोनों देश दुनिया की सबसे बड़ी और पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाएं हैं। दोनों देश साथ मिलकर 21वीं सदी को दिशा दे सकते हैं।

Explore our articles