वॉशिंगटन : (Washington) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (US President Donald Trump) ने फिलीपींस सहित छह और देशों पर भारी आयात शुल्क लगाने का ऐलान किया है। बुधवार को इन देशों के नेताओं को भेजे गए औपचारिक पत्रों में ट्रंप ने कहा कि 01 अगस्त से लागू होने वाले इन टैरिफ में लीबिया, इराक और अल्जीरिया से आने वाले आयात पर 30%, मोल्दोवा और ब्रुनेई पर 25%, और फिलीपींस पर 20% का शुल्क लगाया जाएगा।
इस कदम के साथ इस सप्ताह टैरिफ की नई दरों से प्रभावित होने वाले देशों की संख्या 20 हो गई है। इससे पहले ट्रंप प्रशासन ने कंबोडिया, थाईलैंड, बांग्लादेश, इंडोनेशिया, जापान और दक्षिण कोरिया (Cambodia, Thailand, Bangladesh, Indonesia, Japan and South Korea) सहित कई देशों पर भी शुल्क बढ़ाने की घोषणा की थी।
ट्रंप ने एक कैबिनेट बैठक में स्पष्ट किया कि एक अगस्त की समयसीमा अंतिम है और वह इन टैरिफ को लेकर अब और बातचीत की गुंजाइश नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई देश बातचीत करना चाहता है, तो वे 01 अगस्त से पहले समझौता कर सकते हैं। साथ ही ट्रंप ने अपने पत्र में चेतावनी भी दी कि “जितना वे (अन्य देश) अपने टैरिफ बढ़ाएंगे, उतना ही हम अपने शुल्क में जोड़ देंगे।”
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष अप्रैल माह में ट्रंप प्रशासन ने तथाकथित “रिसिप्रोकल टैरिफ” (प्रतिस्पर्धी शुल्क) की घोषणा की थी, जिसे 90 दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया था। 07 जुलाई को हस्ताक्षरित कार्यकारी आदेश के अनुसार, अब इन्हें 01 अगस्त से लागू किया जाएगा, सिवाय उन देशों के जिन्होंने अमेरिका के साथ सीधे व्यापारिक समझौते किए हैं। अब तक अमेरिका ने यूनाइटेड किंगडम और वियतनाम (United Kingdom and Vietnam) के साथ व्यापार समझौते और चीन के साथ एक रूपरेखा समझौता किया है, जिससे इन देशों को फिलहाल टैरिफ में राहत मिली है।


