spot_img

Washington : टैरिफ वॉर के बीच ट्रंप का बड़ा फैसला

वॉशिंगटन : (Washington) व्हाइट हाउस के प्रेसिडेंशियल पर्सनल ऑफिस के मौजूदा निदेशक सर्जियो गोर भारत में अमेरिका के अगले राजदूत होंगे।राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (President Donald Trump) के विश्वासपात्रों में शामिल सर्जियो गोर को दक्षिण और मध्य एशियाई मामलों के लिए विशेष दूत की जिम्मेदारी के लिए नामित किया गया है। सर्जियो गोर भारत में अमेरिका के 26वें राजदूत बनेंगे। भारत पर लगाए गए भारी भरकम टैरिफ के बीच ट्रंप ने यह फैसला किया है।

राष्ट्रपति ट्रंप ने इसकी घोषणा करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल (Social media platform Truth Social) पर लिखा कि वे सर्जियो गोर को भारत में अगला अमेरिकी राजदूत और दक्षिण व मध्य एशिया मामलों के लिए विशेष दूत नियुक्त कर रहे हैं। ट्रंप ने भरोसा व्यक्त करते हुए कहा कि सर्जियो वही व्यक्ति हैं जो हमारे ‘मेक अमेरिका ग्रेट अगेन’ मिशन को आगे ले जाएंगे।

भारत में अमेरिकी राजदूत नामित किए जाने के लिए सर्जियो गोर ने राष्ट्रपति ट्रंप का आभार व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि संयुक्त राज्य अमेरिका का प्रतिनिधित्व करना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान होगा! हमारे ह्वाइट हाउस ने अमेरिका को फिर से महान बनाने में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।

सर्जियो गोर (Sergio Gor), भारत में अमेरिकी राजदूत के रूप में सेवा देने वाले एरिक गार्सेटी के उत्तराधिकारी होंगे, जिन्होंने इस साल जनवरी तक भारत में अपनी सेवाएं दीं। जिसके बाद पिछले सात महीने से यह पद खाली चल रहा था। गोर सीनेट से मंजूरी मिलने तक अपनी वर्तमान भूमिका में बने रहेंगे। उनकी नियुक्ति को फिलहाल सीनेट से मंजूरी मिलनी बाकी है।

सर्जियो गोर ट्रंप के विश्वासपात्रों में रहे हैं। उन्होंने ट्रंप के लिए दो पुस्तकों का प्रकाशन किया। साथ ही ट्रंप के अभियानों के समर्थन में सबसे बड़े सुपर पीएसी में से एक का संचालन किया। उनका जन्म उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में हुआ था और 12 साल की उम्र में वे अपने परिवार के साथ अमेरिका आ गए थे।

ट्रंप ने ऐसे समय में गोर को भारत का राजदूत बनाने की घोषणा की है जब अमेरिका-भारत के संबंध (US-India relations) तनावपूर्ण चल रहे हैं। ट्रंप ने कुछ भारतीय उत्पादों पर 25% अतिरिक्त शुल्क लगाया और अब इसे 27 अगस्त से 50% करने की योजना है।

Explore our articles