spot_img

Washington : कमला हैरिस को उम्मीद, द्विपक्षीय संंबंंधों को उच्च स्तर पर ले जाएगी मोदी की अमेरिका यात्रा

वाशिंगटन : अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस को उम्मीद है कि भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अमेरिका यात्रा द्विपक्षीय संंबंधों को उच्च स्तर पर ले जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी ने भी दोनों देशों के बीच साझेदारी को लेकर उत्साहित होने की बात कही है।

भारतीय प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को अमेरिकी संसद के दोनों सदनों के संयुक्त सत्र को संबोधित किया था। इसके बाद अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अमेरिका की पहली राजकीय यात्रा अंतरिक्ष, रक्षा, उभरती प्रौद्योगिकी और आपूर्ति श्रृंखलाओं में द्विपक्षीय संबंधों को उच्च स्तर पर लेकर जाएगी।

हैरिस की ओर से ट्वीट कर कहा गया कि भारत-अमेरिका की साझेदारी पहले से कहीं अधिक मजबूत है। हमारे देश मिलकर भविष्य को आकार देंगे। हम अधिक समृद्ध, सुरक्षित और स्वस्थ दुनिया बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका और भारत के बीच साझेदारी 21वीं सदी की सबसे अहम साझेदारियों में से एक है। यह यात्रा अंतरिक्ष से लेकर रक्षा, उभरती प्रौद्योगियों और आपूर्ति श्रृंखलाओं के क्षेत्र तक हमारी साझेदारी को अगले स्तर पर लेकर जाएगी।

अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस की उम्मीदों पर भारत के प्रधानमंत्री मोदी ने भी सकारात्मक रुख दिखाया है। कमला हैरिस के ट्वीट को कोट करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि हमारी साझेदारी वास्तव में इस सदी के लिए अपार संभावनाएं रखती है। मैं भविष्य के क्षेत्रों में हमारे सहयोग को बढ़ाने को लेकर भी उतना ही उत्साहित हूं। कमला हैरिस ने अपने ट्वीट के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए फोटो भी ट्वीट किया था।

Explore our articles