वाशिंगटन: (Washington) अमेरिका के सिएटल में एक कार्यक्रम के दौरान ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगीं। इस घटना में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर है।जानकारी के मुताबिक सिएटल के रेनियल एवेन्यु साउथ के पार्किंग क्षेत्र में सामुदायिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में जरूरतमंद लोगों को खाना, कपड़े और खिलौने आदि बांटे जा रहे थे। रात नौ बजे के आसपास अचानक वहां हमला हो गया। ताबड़तोड़ फायरिंग होने लगी। लोग इधर उधर भागे, किन्तु गोलियों की चपेट में आकर पांच लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से दो की हालत गंभीर है।
सिएटल पुलिस के प्रमुख एड्रियन डियाज ने बताया कि अभी तक हमले की वजह साफ नहीं है। पुलिस दो संदिग्धों की तलाश कर रही है, जिन पर गोलीबारी करने का शक है। घायलों में से दो की हालत गंभीर है। चार घायलों को हार्बरव्यू मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया है, जबकि एक घायल को इलाज के बाद घर भेज दिया गया। डियाज ने बताया कि दर्जनों राउंड गोलियां चलाई गईं। उन्होंने कहा कि सिएटल में गोलीबारी की घटनाएं कम हुई हैं, लेकिन अभी भी ये समस्याएं बनी हुई हैं। सिएटल के मेयर ब्रूस हारेल ने हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की तारीफ की और गोलीबारी की घटना को त्रासदी बताया। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।