बिजली के खुले तार पर भड़के मुख्यमंत्री, कलक्टर व आचार्य को सुनाई खरी-खोटी
व्यारा: (Vyara) तापी जिले के गुणसदा गांव के स्कूल में बुधवार को मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल अचानक पहुंच गए। यहां उन्होंने स्कूल का निरीक्षण किया। विश्व जनजातीय दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के सिलसिले में मुख्यमंत्री तापी जिले के सोनगढ़ गए थे। इस दौरान उन्होंने इस आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र के सरकारी स्कूल का हाल जानना चाहा। यहां गंभीर लापरवाही का एक मामला देखकर मुख्यमंत्री पटेल जिला कलक्टर और आचार्य पर भड़क उठे। दोनों को खूब खरी-खोटी सुनाई। स्कूल परिसर में कई जगह खामियां देखकर मुख्यमंत्री ने परिसर नया बनाने का आदेश दिया।मामले में कांग्रेस प्रवक्ता मनीष दोशी ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री का पूरा प्रशासन बड़ी-बड़ी घोषणाएं करता है, लेकिन हकीकत में कुछ और ही मिलता है। अंबाजी से उमरगाम तक आदिवासी पट्टा में आदिवासी बच्चों की शिक्षा के नाम पर लापरवाही और अनदेखी की जा रही है।
इधर, शिक्षा राज्य मंत्री प्रफुल पानसेरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री स्कूलों में जाकर खुद निरीक्षण कर रहे हैं, यह महत्वपूर्ण है। सौराष्ट्र के गांवों के स्कूलों में भी उन्होंने विजिट किया है। कमियों को जानने के लिए मुख्यमंत्री औचक निरीक्षण कर रहे हैं और कमियां पाए जाने पर उसमें सुधार किया जा रहा है। स्कूलों में कक्ष की कमी पर उन्होंने कहा कि राज्य के स्कूलों के लिए 9 हजार कक्षों का काम चल रहा है, जबकि 10 हजार कक्ष के काम को शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।


