spot_img

Varanasi : देश सेवा के लिए तैयार हुईं महिलाएं, घरेलू महिलाओं का मोर्चा करेगा सबको जागरूक

वाराणसी : सामाजिक संगठन विशाल भारत संस्थान ने रविवार को घरेलू महिलाओं के लिए सेवा प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन सुभाष भवन, लमही में किया। मुख्य अतिथि संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ राजीव श्रीवास्तव ने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीपोज्वलन कर कार्यशाला का उद्घाटन किया।

कार्यशाला की शुरुआत लमही की रहने वाली सरोज देवी की जीवन कथा सुनाने से हुआ। अधिकांश महिलाओं ने कहा कि हमारे काम को कोई महत्व नहीं दिया जाता। इसलिए समाज में हम नाम से नहीं पहचाने जाते। हम कब तक पप्पू की मम्मी, कल्लू की मौसी और नत्थू की दादी के नाम से जाने जायेंगे। हमें किसी भी कार्य के लिए दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता है।

कार्यशाला में डॉ राजीव ने महिलाओं को बताया कि सेवा का कोई विकल्प नहीं है। घरेलू महिलाएं भी अपने सेवा के बल पर अपने नामों से पहचान बना पाएंगी। समाज और देश पर जब संकट आता है तो सबसे बड़ी समस्या भूख की होती है। ऐसे में महिलाएं अपनी सेवा देकर सरकार की मदद कर सकती हैं। अपराधों की गोपनीय सूचना पुलिस को देकर अपराध कम करने में मदद कर सकती हैं और घरेलू झगड़ों को सुलझाकर परिवार बचा सकती हैं। सभी महिलाएं अपने घर पर नाम पट्टिका लगाएं। ऑनलाइन विदेशियों को भारतीय व्यंजन बनाना सिखाने और भारतीय लोकगीत सिखाने का काम भी महिलाएं कर सकेंगी। विशाल भारत संस्थान घरेलू महिलाओं की टीम तैयार कर रहा है, जो अपनी सेवा के बदौलत अपनी पहचान बना सकती हैं। बेटियों और परेशान हाल में रहने वाली महिलाओं की मदद भी करेंगी। कार्यशाला में 31 महिलाओं ने प्रशिक्षण लिया। अनाज बैंक के उप महाप्रबंधक अजय सिंह, मुस्लिम महिला फाउण्डेशन की नेशनल सदर नाजनीन अंसारी, सुभाषवादी नेता नजमा परवीन ने प्रशिक्षण दिया।

Explore our articles