मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में गरीबों के सपने हुए साकार
विवाह की परम्परागत रस्मों में अफसर भी हुए शामिल
वाराणसी : रोहनिया क्षेत्र के आराजी लाइन ब्लॉक मुख्यालय पर बुधवार को पूरे दिन शहनाई की मंगलधुन गूंजती रही। अवसर रहा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह का। ब्लॅाक मुख्यालय पर दोपहर में एडीओ समाज कल्याण प्रमोद कुमार पटेल की देखरेख में योजना के अंतर्गत वैदिक ब्राह्मणों के विधिवत हवन पूजन व मंत्र उच्चारण के बीच आराजी लाइन क्षेत्र के कुल 47 जोड़ों ने सात फेरे लिए। वैवाहिक समोराह में जयमाल तथा सिंदूरदान की रस्म में अफसर भी शामिल हुए।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम में नवविवाहित जोड़ों को ब्लॉक प्रमुख नगीना पटेल तथा प्रतिनिधि डॉ महेंद्र सिंह पटेल, खंड विकास अधिकारी विजय कुमार जायसवाल ने संयुक्त रूप से आशीर्वाद दिया। जोड़ों के वैवाहिक जीवन के सफल होने की कामना कर प्रमाण पत्र के साथ सभी वर (दुल्हे) को पैंट शर्ट का कपड़ा, मोबाइल, सीलिंग पंखा, बर्तन, वधूओं को साड़ी, पायल, बिछिया इत्यादि सामान उपहार स्वरूप दिया गया।
एडीओ समाज कल्याण प्रमोद पटेल ने बताया कि योजना के अन्तर्गत सभी नवविवाहित वधुओं के खाते में 35 हजार रुपया अनुदान के रूप में भेजा जायेगा। सामूहिक विवाह कार्यक्रम में वधू पक्ष की तरफ से आई महिलाओं ने गारी व मंगल गीत गाकर वैवाहिक परंपरा के रस्म का निर्वहन किया। सभी बारातियों के लिए भोजन की भी व्यवस्था कराई गई। समारोह का संचालन पूर्व प्रधान मोहम्मद अनवर ने किया।
इस अवसर पर ब्लॉक के प्रधान संघ अध्यक्ष मुकेश पटेल, बीडीसी संघ जिला अध्यक्ष अनिल कुमार पटेल, रामबाबू राजभर, रामशरण यादव, राजेश प्रजापति, सचिव चंद्रभान सिंह, जीवराम विश्वकर्मा, हरिशंकर आदि भी मौजूद रहे।


