महापौर उम्मीदवार अशोक तिवारी सुबह से ही जनसम्पर्क अभियान में निकल रहे
वाराणसी:(Varanasi) नगरीय निकाय चुनाव (municipal elections) में भाजपा के प्रचार अभियान को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रफ्तार दे दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से दिशा निर्देश मिलने के बाद भाजपा के महापौर उम्मीदवार और पार्षद उम्मीदवार अलसुबह से ही पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जनसम्पर्क में निकल रहे हैं।
अभियान में उम्मीदवारों को जनप्रतिनिधियों का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। रविवार को भाजपा के मेयर पद के उम्मीदवार अशोक तिवारी ने वार्ड संख्या 27 जोल्हा दक्षिणी वार्ड में पार्टी के वार्ड प्रत्याशी राजकुमार प्रजापति के साथ जनसंपर्क किया। इसके बाद वार्ड संख्या 47 बिरदोपुर नरियां वार्ड में पार्षद उम्मीदवार सीमा वर्मा और कार्यकर्ताओं के साथ जनसंपर्क किया।
यहां से महापौर उम्मीवार वार्ड संख्या 28 सरायनंदन पहुंचे और पार्टी के वार्ड प्रत्याशी मदनमोहन तिवारी के साथ जनसंपर्क किया। अशोक तिवारी इसके बाद वार्ड संख्या 51 भेलूपुर में पार्टी उम्मीदवार रीता सेठ के साथ प्रचार में निकलेंगे। चुनाव प्रचार अभियान में फिलहाल अन्य दलों से आगे निकल गई है। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बसपा और आप के महापौर उम्मीदवार पार्टी के स्थानीय नेताओं के साथ ही चुनाव प्रचार अभियान में निकल रहे है। विपक्षी दलों के उम्मीदवारों के प्रचार अभियान में अभी उनके शीर्ष नेता नहीं शामिल हुए हैं। समाजवादी पार्टी के महापौर पद के उम्मीदवार डॉ. ओपी सिंह के साथ जिला और महानगर टीम और पूर्व मंत्री गाजीपुर के ओमप्रकाश सिंह प्रचार अभियान में निकल रहे हैं।
वीआईपी पार्टी के डॉ. अमित कुमार समर्थकों के साथ भाजपा में हुए शामिल
नगर निकाय चुनाव के दौरान भाजपा में दूसरे दलों के नेता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर रहे है। शनिवार देर शाम वीआईपी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. अमित कुमार मझवार ने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय रोहनिया में सदस्यता प्रदान की और सबको भाजपा का सिंबल देकर स्वागत किया।


