भाजपा नेताओं ने राज्यमंत्री के साथ विकास कार्यो का निरीक्षण किया
वाराणसी : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विकास तीर्थ अवलोकन कार्यक्रम के तहत बुधवार को प्रदेश सरकार के मंत्री, भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों ने विकास कार्यो का अवलोकन किया। राज्य मंत्री डॉ दयाशंकर मिश्र ‘”दयालु”, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने कैंट स्टेशन पर रोप-वे स्थल, रोप-वे माडल एवं प्लेट फार्म नम्बर 10-11 पर जाकर निर्माणाधीन नये प्लेटफार्म को देखा।
इस दौरान कैंट स्टेशन के डायरेक्टर गौरव दीक्षित और अन्य अफसर भी मौजूद रहे। राज्य मंत्री दयाशंकर मिश्र ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के नौ साल बेमिसाल रहे। इन नौ वर्षो में काशी अध्यात्म के साथ विकास का तीर्थ बन गई है। आज जिधर भी निगाह उठाकर देखियेगा हर तरफ आपको विकास की नई नई योजनाएं दिखेंगी। विकास की इसी कड़ी में कैंट रेलवे स्टेशन का 550 करोड़ की लागत से रीमाडलिंग हो रही है। यहां दो नए प्लेटफार्म 10 और 11 का निर्माण हो रहा है,साथ ही साथ स्टेशन की इमारत का भी विस्तार किया जा रहा है और नए फूटओवर ब्रिज का निर्माण हो रहा है।
यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफार्म पर एस्केलेटर एवं लिफ्ट भी लगाई जा रही है।आधुनिक सुविधाओं से युक्त कैंट स्टेशन जल्द ही देश के सबसे खुबसूरत स्टेशनो में से एक होगा। मंत्री ने कहा कि हिन्दुस्तान की पहली रोप-वे का निर्माण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी में होने जा रहा है। क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले नौ वर्षो से देश तीव्र गति से विकास कर रहा है और नए नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं। शहरो के साथ-साथ गाँवो का भी आधुनिकीकरण किया जा रहा है। सड़कों और फ्लाइओवर का निर्माण हो रहा है। इसी तर्ज पर काशी का भी चहुंमुखी विकास हो रहा है।
इस दौरान क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर, जगदीश त्रिपाठी, सुरेश सिंह,अशोक पटेल,अभिषेक मिश्रा, आत्मा विशेश्वर, गौरव राठी,साधना वेदांती, डॉ रचना जायसवाल, गीता शास्त्री, शैलेन्द्र मिश्रा, इं अशोक यादव आदि भी मौजूद रहे।


