उत्तरकाशी : मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) जय किशन ने भटवाड़ी ब्लॉक के ग्राम पंचायत अठाली को सोलर विलेज के रूप में विकसित किये जाने को लेकर ग्रामीणों के साथ बैठक की है। सीडीओ जय किशन रविवार को अठाली गांव पहुंचे और ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधियों, विशेषज्ञों व संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की है l
उन्होंने कहा कि ग्राम सभा अठाली को सोलर विलेज के रूप में हर घर सोलर से रोशनी प्रदान करने की कवायद तेजी से धरातल पर क्रियान्वित की जायेगी। इसके लिये संबंधित विभागीय अधिकारियों को ठोस कार्य योजना प्रस्तुत करने के निर्देश जारी किये हैंl सोलर विलेज में ग्राम सभा को सोलर से संबंधित सभी व्यवस्थाओं का लाभ प्रदान किये जाने के साथ ही सोलर लाइट, पंखे तथा ऊर्जा संरक्षण व माइक्रो ग्रिड जैसी संभावनाओं को तलाशने के लिए विशेष प्रयास की दिशा में कार्य किये जाएंगे। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत अठाली गांव में सोलर वाटर, हीटर, दूध पैकेजिंग के साथ ही तमाम उन कार्य को किया जायेगा, जो सोलर ग्राम को विकास की दिशा में नयी पहचान दिलायेगा। समीक्षा बैठक के दौरान वरिष्ठ परियोजना उरेडा अधिकारी रॉकी कुमार, ग्राम प्रधान ममता गुसांई सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे l


