लखनऊ : (Lucknow) एनेक्स यूपी टी-20 टूर्नामेंट में काशी रूद्राज (Annex UP T20 tournament, Kashi Rudra) ने अपनी दमदार प्रदर्शन की बदौलत नोएडा किंग्स को 88 रनों से मात देकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम (Bharat Ratna Shri Atal Bihari Vajpayee Ekana Stadium) में गुरुवार को खेले गए इस मुकाबले में काशी की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही शानदार रही।
पहले बल्लेबाजी करते हुए काशी रूद्राज (Kashi Rudra) ने निर्धारित 20 ओवरों में 173 रन बनाए। टीम के ओपनर अभिषेक गोस्वामी ने ताबड़तोड़ शुरुआत देते हुए 50 रनों की पारी खेली, जबकि करण शर्मा ने 58 रन बनाकर पारी को संवारा। आखिरी ओवरों में शुभम चौबे (Shubham Choubey) ने नाबाद 30 रन जोड़कर स्कोर को मजबूत किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा किंग्स की शुरुआत खराब रही। पहली ही गेंद पर कप्तान लविम चौधरी (Captain Lavim Chaudhary) पवेलियन लौट गए। अवनीश चौधरी (33 रन) और राहुल राजपाल (22 रन) ने कुछ उम्मीद जगाई, लेकिन काशी के गेंदबाजों ने जल्द ही मैच पर पूरी तरह पकड़ बना ली।
काशी के लिए कार्तिक यादव ने घातक गेंदबाजी करते हुए महज 7 रन देकर 4 विकेट चटकाए, जबकि ललित सिंह ने 3 ओवर में 2 विकेट झटके। नोएडा की पूरी टीम मात्र 12 ओवर में 85 रन पर सिमट गई।


