
सीएम याेगी करेंगे सेमीकंडक्टर यूनिट का शिलान्यास
नोएडा : (Noida) यूपी मिशन -2027 के लिए उत्तर प्रदेश में सियासी गतिविधियां तेज हाेने लगी हैं।राजनीतिक दल गाैतमबुद्ध नगर (Gautam Buddha Nagar) में अपने बडे़ कार्यक्रम करने जा रहे हैं। भाजपा यहां अगले माह में दो बड़ी जनसभाएं करने जा रही है जबकि सपा भी इसी जिले में बड़ी रैली करने की तैयारी में है। बसपा भी राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल (Rashtriya Dalit Prerna Sthal) पर मार्च माह में बड़ा कार्यक्रम आयोजित कर अपना दमखम दिखायेगी।
उत्तर प्रदेश की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले गौतम बुद्ध नगर में सबसे अधिक निवेश आ रहे हैं । 21 फरवरी को भाजपा की यमुना सिटी के औद्योगिक सेक्टर सेक्टर 28 में पहली जनसभा होगी। इस दिन उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट का शिलान्यास यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और आईटी सेक्टर के केंद्रीय मंत्री अश्वनी वैष्णव (UP Chief Minister Yogi Adityanath and Union IT Minister Ashwini Vaishnav) करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) जनसभा को वर्चुअल संबोधित करेंगे। करीब 48 एकड़ में एचसीएल और फॉक्सकॉन द्वारा यह यूनिट स्थापित की जा रही है। भाजपा के संगठन ने इस जनसभा की तैयारी जोर-शोर से शुरू कर दी है।
भाजपा के जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा (BJP District President Abhishek Sharma) ने बताया कि दूसरा बड़ा कार्यक्रम भाजपा नोएडा एयरपोर्ट जेवर के शुभारंभ पर जनसभा करने जा रही है। जनसभा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) संबोधित करेंगे। उन्हाेंने बताया कि जेवर एयरपोर्ट एक बड़ी उपलब्धि है। इसे भाजपा के जनप्रतिदिनिधियों ने कड़े संघर्ष के बाद बनवाया है। इसके शुभारंभ पर होने वाली जनसभा पूरे प्रदेश की सबसे बड़ी जनसभा होगी। यही से भाजपा के मिशन 2027 का चुनावी अभियान शुरू होगा।
समाजवादी पार्टी 29 मार्च को दादरी में “समाजवादी समानता भाईचारा” (Samajwadi Samata Bhaichara) रैली आयोजित कर रही है। सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने बताया कि 29 मार्च को दादरी में आयोजित होने वाली रैली सबसे बड़ी रैली होगी। उन्होंने कहा कि यह रैली उत्तर प्रदेश की राजनीति की दिशा और दशा को तय करेगी। उन्होंने दावा किया कि इस रैली में 50 हजार से ज्यादा लोग शामिल हो रहे हैं। इसमें सभी जाति और धर्म के लोग भाग लेंगे। खास करके गुर्जर बिरादरी के बड़े नेता और गणमान्य लोग इसमें भाग लेंगे। उन्होंने दावा किया कि यह रैली ऐतिहासिक होगी तथा आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की सत्ता को बदलने में यह रैली कारगर साबित होगी।
बहुजन समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष लखमी सिंह (Bahujan Samaj Party District President Lakhmi Singh) ने बताया कि 15 मार्च को नोएडा स्थित राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल पर मान्यवर काशीराम की जयंती पर बड़ा कार्यक्रम होगा। इसमें मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, अलीगढ़, आगरा मंडल के पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल होंगे। कार्यक्रम को संबोधित करने के लिए बसपा के बड़े-बड़े नेता इसमें शामिल होंगे। उनका दावा है कि यह कार्यक्रम आगामी विधानसभा चुनाव में बसपा की मजबूती स्थिति को प्रदर्शित करेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बसपा का जनाधार काफी तेजी से बढ़ा है, और आगामी विधानसभा चुनाव में बसपा काफी मजबूती से अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगी। उल्लेखनीय है कि अगले साल प्रदेश में विधानसभा चुनाव (assembly elections) प्रस्तावित हैं।


