spot_img

United Nations: संयुक्त राष्ट्र मिशन में तैनात भारतीय शांति रक्षकों को सम्मानित किया गया

संयुक्त राष्ट्र:(United Nations) में संयुक्त राष्ट्र मिशन में तैनात 1,000 से अधिक भारतीय शांतिरक्षकों को एक पुरस्कार समारोह में प्रतिष्ठित संयुक्त राष्ट्र पदक से सम्मानित किया गया। पहली बार इस समारोह में परेड का नेतृत्व भारतीय सेना की एक महिला अधिकारी ने किया।

अपर नील में एक विशेष पुरस्कार समारोह में दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन में तैनात भारत के 1,171 शांति रक्षकों को उनकी अनुकरणीय सेवा के लिए संयुक्त राष्ट्र पदक से सम्मानित किया गया।

मिशन ने बृहस्पतिवार को ट्वीट किया, ‘‘भारत को सलाम। आपके 1,171 उत्कृष्ट पुत्र और पुत्रियों को अपर नील, दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन के उनके उल्लेखनीय काम के लिए संयुक्त राष्ट्र पदक मिले हैं।’’

संयुक्त राष्ट्र मिशन की वेबसाइट पर प्रकाशित एक लेख में कहा गया है कि पहली बार भारतीय सेना की एक महिला अधिकारी मेजर जैसमीन चट्ठा ने बड़े भारतीय दल की परेड की अगुवाई की।

लेख में चट्ठा के हवाले से कहा गया है, ‘‘महिलाओं को नेताओं के रूप में तैनात कर हम दक्षिण सूडान के नागरिकों और खासकर महिलाओं को एक कड़ा संदेश दे रहे हैं।’’

संयुक्त राष्ट्र मिशन के फोर्स कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मोहन सुब्रमण्यम ने समारोह में शांति रक्षकों को पदक प्रदान किए। जिन शांति रक्षकों को पदक दिए गए हैं उनमें से पांच महिलाएं हैं।

भारत, संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षा मिशनों में सबसे बड़ा दल भेजने वाले देशों में शुमार है। जून 2022 तक संयुक्त राष्ट्र के मिशन में 2,370 भारतीय सैन्य कर्मियों को तैनात किया गया था जो रवांडा के बाद दूसरा सबसे बड़ा दल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Explore our articles