
उदयपुर: (Udaipur) उदयपुर में 8 साल की बच्ची की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बच्ची पिछले 4 दिन से लापता थी। बच्ची के शव के टुकड़े घर से करीब 200 मीटर दूर एक खंडहर जगह पर पड़े मिले। घटना मावली इलाके की है। रविवार को सरकारी एमबी हॉस्पिटल में शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। पुलिस बच्ची की मौत के पीछे किसी तांत्रिक क्रिया किए जाने सहित अन्य एंगल से भी जांच कर रही है। हत्या के बाद रविवार को लोपड़ा गांव में ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया। उन्होंने हत्यारों को जल्द से जल्द पकड़कर सजा देने की मांग की है। जानकारी के अनुसार बच्ची के पिता सन्नू भील ने 28 मार्च को मावली थाने मं गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस बच्ची की तलाश कर रही थी।इसी बीच शनिवार देर शाम को पुलिस को एक खंडहर जगह पर शव पड़ा होने की जानकारी मिली। इस पर एएसआई छगनलाल मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। शव की पहचान लोपड़ा निवासी पूजा पुत्री सन्नू भील के रूप में हुई।


