भोपाल:(Bhopal) पश्चिमी विक्षोभ के चलते प्रदेश के अनेक जिलों में गुरुवार को बादल छाए रहे और आंधी के साथ बारिश भी हुई। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के करीब आधे हिस्से में शुक्रवार को भी मौसम बदला हुआ रहेगा। भोपाल, जबलपुर, नर्मदापुरम-शहडोल संभाग समेत इंदौर, खरगोन, बड़वानी, बुरहानपुर, खंडवा, धार, सागर, पन्ना और सतना में हल्की बारिश हो सकती है। अन्य शहरों में भी बादल छाने, गरजने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक अशफाक हुसैन के अनुसार वर्तमान में एक ट्रफ लाइन तेलंगाना से तमिलनाडु होते हुए गुजर रही है। वहीं, साउथ राजस्थान के ऊपर चक्रवाती हवाओं का घेरा है। इन दो सिस्टम की वजह से प्रदेश में मौसम बदला हुआ है। गुरुवार को जबलपुर, मंडला, छिंदवाड़ा, सागर, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर समेत कई जिलों में बारिश हुई, जबकि सिवनी, बालाघाट, उज्जैन, इंदौर, आगर, सीहोर, धार, राजगढ़, बैतूल, देवास, रायसेन आदि जिलों में बादल छाए रहे थे। शुक्रवार को भी हल्की बारिश, आंधी चलेगी। बादलों की गड़गड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली भी गिर सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो मौजूदा सिस्टम 25 अप्रैल तक एक्टिव रहेगा। इसके बाद धूप खिलेगी, लेकिन 29-30 अप्रैल को फिर से नया सिस्टम एक्टिव होगा। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी भोपाल में 21 अप्रैल को भी मौसम परिवर्तित रहेगा। यहां तड़के और दोपहर बाद बारिश हो सकती है। 22 अप्रैल को भी हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है।
इधर, बीते दो दिनों में हुई बारिश की वजह से मौसम में ठंडक भी घुल गई है। कई शहरों में तापमान काफी गिर चुका है। पचमढ़ी में तो दिन का तापमान 29.8 डिग्री तक पहुंच चुका है। गुरुवार को एक ही दिन में यहां 4.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। भोपाल में तापमान 2.3 डिग्री लुढ़का। गुरुवार को यहां अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री, इंदौर में 37.6, ग्वालियर में 39.5 और जबलपुर में तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


