
ठाणे : महाराष्ट्र की ठाणे पुलिस ने एक महिला और उसके पड़ोसी को 2017 में 15.46 लाख रुपये मूल्य का सोना और नकदी चुरा कर भागने के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह जानकारी ठाणे पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को दी।
संपत्ति प्रकोष्ठ के वरिष्ठ निरीक्षक आनंद रावराणे ने कहा कि एक महिला ने 25 दिसंबर, 2017 को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी बहू घर से 55 तोला सोना और नकदी लेकर अपने पड़ोसी के साथ भाग गई। अधिकारी ने कहा कि इस शिकायत के बाद जांच शुरू की गई।
उन्होंने कहा, ‘‘आरोपियों ने अपने नाम बदलने के साथ ही नये नामों पर पैन और आधार कार्ड हासिल कर लिये और पुलिस से बचने के लिए कर्नाटक के गोकर्ण से गोवा होते हुए चिपलुन और महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र के अन्य इलाकों में गए।’’
उन्होंने कहा कि दोनों को हाल ही में एक गुप्त सूचना के आधार पर पकड़ा गया।


