spot_img

THANE : ठाणे जिले में बना बारिश का कीर्तिमान
सात घंटे में हुई 93 मिलीमीटर बरसात

ठाणे : ठाणे जिले के साथ-साथ शुक्रवार को ठाणे शहर में भी धुआंधार और झमाझम बारिश सबेरे से ही जारी रही। बारिश के कारण ठाणे जिले के तमाम शहरी और उपनगरीय भागों के साथ ही ग्रामीण भागों में भी जनजीवन अस्तव्यस्त रहा। खासकर ठाणे शहर में जगह-जगह जलजमाव की समस्या सुबह से लेकर शाम तक बनी रही। ठाणे जिले में 93 मिलीमीटर बारिश हुई। जो एक कीर्तिमान है। ठाणे जिले के ठाणे,कल्याण,डोबिवली,भिवंडी, उल्हासनगर, अंबरनाथ के साथ ही ग्रामीण भागों में भी झमाझम बारिश जारी रही। ठाणे, घोडबंदर रोड, कलवा, मुंब्रा और कल्याण परिसर में 1 घंटे के अंदर हुई बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। शहर की सड़कें और नालियां बारिश के चलते नदी की तरह लग रही थी।

ठाणे, मुंब्रा में रास्ते, नाले, बाजारपेठ आदि में 2 से 3 फुट तक पानी जम गया। ठाणे, कलवा के रेलवे लाइन पर भी पानी जमा हो गया, इसकी वजह से कुछ समय के लिए लोकल रेल की आवाजाही भी बाधित हुई। शुक्रवार को सवेरे 9:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक 7 घंटे के भीतर जिले में 93 मिलीमीटर बारिश का कीर्तिमान दर्ज हुआ। इस वर्ष यह एक दिन में हुई सबसे अधिक बारिश कहीं जा रही है। दूसरी ओर भातसा जल बांध के जलस्तर बढ़ जाने के कारण सवा मीटर दरवाजे खोल दिए गए। वहीं जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सापगांव पुल ऊपर पानी बढ़ने की संभावना है। इस कारण लोग सतर्क रहें। जबकि बारिश के कारण माणकोली ब्रिज ,कशेली भिवंडी रोड, होली मेरी स्कूल आदि जगहों पर जलजमाव की स्थिति बनी रही। सड़कों पर गड्ढे तथा पानी जमाव के कारण यातायात की आवाजाही भी काफी धीमी रही

। वहीं शुक्रवार को जारी जोरदार बारिश के कारण सेंट्रल रेलवे की आवाजाही 15 से 20 मिनट की देरी से हो रही थी। जबकि ठाणे मनपा मुख्यालय के आसपास भी घुटने भर पानी का जमाव हुआ। ठाणे शहर में जल जमाव के कारण यातायात बाधित हुई। दूसरी ओर ठाणे तथा पालघर जिले में हुई बारिश के कारण मुख्य नदियों का जलस्तर काफी बढ़ गया। जिस कारण कुंडलिका,उल्हास और कालू नदी ओवरफ्लो हो गया। डोलवाहल, जांभुल पाडा, टिटवाला आदि भागों में नागरिकों को सतर्क रहने का निर्देश भी जिला प्रशासन की ओर से दिया गया है।कुंडलिका नदी का जलस्तर 23 . 60 मीटर, उल्हास नदी का जलस्तर 13. 30 मीटर और कालू नदी का जलस्तर 102 मीटर बढ़ा।

Explore our articles