THANE : जाते-जाते बारिश कर गई, ठाणेकरों को बेदम

0
142

ठाणे : बरखा रानी जाते-जाते शुक्रवार ठाणे जिले के ग्रामीण और शहरी भागों में दर्द दे गई। ठाणे शहर में भी शुक्रवार को दोपहर 12 बजे के बाद झमाझम बारिश बादलों की गड़गड़ाहट के साथ शुरू हुई। जो दिन भर जारी रही। बारिश के कारण ठाणे जिले के तमाम शहरी और उपनगरीय भागों के साथ ही ग्रामीण भागों में भी जनजीवन पर असर देखने को मिला। ठाणे शहर में जगह-जगह जलजमाव की समस्या देर शाम तक बनी रही। ठाणे शहर में दिनभर 47.49 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार अब तक कुल 2852. मिमी बारिश हो चुकी है। जबकि पिछले वर्ष इस कालावधि में 3520.13 मिमी वर्षा हुई थी। तक़रीबन 25 दिन के अंतराल में एकबार फिर पूरे जिले में बारिश ने जोर पकड़ लिया। शुक्रवार को जिले में भारी बारिश हुई। ठाणे शहर में पिछले छह घंटों में 47.49 मिमी बारिश दर्ज की गई है। जबकि कल्याण-डोंबिवली शहर में 94.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।

जबकि नवी मुंबई, भिवंडी, अंबरनाथ, उल्हासनगर, कल्याण शहरों में भी बिजली के साथ भारी बारिश हो रही है। केडीएमसी क्षेत्र और ठाणे शहरों के कुछ निचले इलाकों में जलजमाव की घटनाएं सामने आई हैं। इस बारिश से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ है। मुंब्रा के आलीशान थिएटर परिसर, वंदना सोसायटी नौपाडा, क्रिटिकेयर अस्पताल, खारटन रोड, चिराग नगर, आनंद नगर कोपरी, बारा बंगला, श्रीरंग सोसायटी, तारा निवास पाचपाखाडी, ब्राह्मण सोसायटी नौपाडा, गांव देवी मंदिर, इंदिरा नगर, लोकमान्य टीएमटी बस डेपो, प्रभात सिनेमा, वंदना सिनेमा, राम मारुति रोड, उदय नगर नौपाडा, सेंट्रल जेल परिसर, किशोर नगर कोपरी पूर्व सहित कई क्षेत्रों में स्थानीय नागरिकों को जलजमाव की समस्या का सामना करना पड़ा। ठाणे मनपा मुख्यालय परिसर शुक्रवार को हुई बारिश के दौरान पूरी तरह जलमग्न हो गया था। ठाणे मनपा मुख्यालय के चारों ओर घुटने से ऊपर सड़कों पर पानी जम गया था।