
ठाणे : ठाणे शहर में कराहती कांग्रेस में जान फूंकने के लिए जल्लोष कार्यक्रम का आयोजन आगामी 15 जनवरी 2023 को किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन ठाणे के गडकरी रंगायतन में होगा। इस बाबत जानकारी देते हुए ठाणे शहर कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत चव्हाण ने बताया कि ठाणे में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के अंतर्गत लोगों तक पहुंचने के लिए इस कार्यक्रम का आयोजन कांग्रेस द्वारा किया जाने वाला है। इसी क्रम में जल्लोष कार्यक्रम का आयोजन होगा। पत्रकार परिषद में इन बातों की जानकारी देते हुए चव्हाण ने कहा कि ठाणे में पार्टी को मजबूती देने के लिए हर संभव प्रयास संगठनात्मक स्तर पर किया जा रहा है । उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि कांग्रेस अपने बलबूते आगे बढ़ने के लिए तत्पर है।बताया गया है कि आगामी 15 जनवरी को गडकरी रंगायतन में सायंकाल 4:00 से 8:00 बजे तक जल्लोष कार्यक्रम का आयोजन किया जाने वाला है। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा की पूरी जानकारी उपलब्ध कराई।
पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं का भी होगा सम्मान
इस दौरान कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता सचिन शिंदे, उपाध्यक्ष भालचंद्र म्हाडिक, कांग्रेस प्रवक्ता राहुल पिंगले और एडवोकेट बाबासाहेब भुजबल, प्रदेश सदस्य रमेश इंदिसे, महासचिव महेंद्र म्हात्रे, रेखा मिरजकर के साथ ही अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे। इस दौरान जानकारी देते हुए शहर अध्यक्ष विक्रांत चव्हाण ने बताया कि आने वाले समय में कांग्रेस अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने के लिए हाथ जोड़ो अभियान पर अमल करने जा रही है । इसके तहत कांग्रेसी पदाधिकारी और कार्यकर्ता घर घर जाकर आम नागरिकों से संपर्क साधेंगे। उन्होंने बताया कि जल्लोष कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक, स्वास्थ्य, समाजसेवा और पत्रकारिता आदि क्षेत्रों में काम करने वाली सामाजिक हस्तियों का सार्वजनिक सत्कार किया जाएगा। इसके साथ ही पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं का भी सम्मान होगा।
गणेश सजावट स्पर्धा और किला स्पर्धा के विजेताओं का होगा सम्मान
इतना इतना ही नहीं जल्लोष कार्यक्रम के दौरान गणेश सजावट स्पर्धा और किला स्पर्धा के विजेताओं का सम्मान होगा। सबसे अहम बात यह है कि वैसे वरिष्ठ कांग्रेसी जिसने दशकों से कांग्रेस की सेवा की और वे गुजर गए, उनके परिवार का भी सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान ही अखिल भारतीय कांग्रेस द्वारा आयोजित हाथ से हाथ जोड़ो अभियान का भी शुभारंभ ठाणे शहर में किया जाएगा । इस अवसर पर बताया गया कि इस कार्यक्रम को सफल बनाने में काँग्रेस सांस्कृतिक विभाग अध्यक्ष स्वप्नील कोळी व पर्यावरण विभाग अध्यक्ष मनोज डाकवे के साथ ही पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी जुटे हुए हैं।


