spot_img

THANE : पुलिस की गिरफ्त में आया तलाकशुदा महिलाओं को फंसाने वाला जालसाज

ठाणे : ठाणे की कलवा पुलिस ने एक ऐसे जालसाज को गिरफ्तार किया है जो तलाकशुदा महिलाओं को फंसा कर उसका शारीरिक और आर्थिक शोषण किया करता था। यह आरोपी मेट्रो मनी एप के जरिए तलाकशुदा महिलाओं से संपर्क कर जान पहचान बनाता और उससे दोस्ती करता। बाद में महिला का शारीरिक और आर्थिक शोषण भी किया करता था। इसी क्रम में कलवा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है।सबसे अहम बात है कि गिरफ्तार आरोपी इसके पहले भी कई ऐसी ही वारदात कर चुका है। मेट्रो मनी ऐप पर आरोपी तलाकशुदा महिलाओं को विवाहित होने की बात कहने के साथ ही खुद को तलाकशुदा बताता था।

निवास स्थान बार-बार बदलकर तलाकशुदा महिलाओं को बनाता था शिकार
इस संदर्भ में जानकारी देते हुए कलवा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मनोहर आव्हाड ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अपने नाम और निवास स्थान बार-बार बदलकर तलाकशुदा महिलाओं को शिकार बनाता था । इस कारण पुलिस को उसकी खोज करने में परेशानी हो रही थी। आ रही शिकायत के आलोक में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक आव्हाड ने एक पुलिस टीम का गठन मामले की जांच पड़ताल के लिए किया । इस टीम ने बड़ी चतुराई से काम करते हुए आखिरकार आरोपी जालसाज को गिरफ्तार कर लिया।
आव्हाड ने बताया कि कलवा पुलिस थाने में एक तलाकशुदा महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि राजेश उर्फ राज देशमुख उर्फ रुपेश शिवाजी यशवंतराव नामक एक 42 वर्षीय व्यक्ति से मेट्रो मनी एप के जरिए वर्ष 2018 में दोस्ती हुई। आरोपी ने खुद को तलाकशुदा बताया और तलाकशुदा महिला को शादी करने की लालच दी। आरोपी ने तलाकशुदा महिला का शारीरिक शोषण करने के साथ ही उससे 13 लाख 60 हजार की जालसाजी भी की। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मनोहर आव्हाड के मार्ग निर्देशन में इस प्रकरण की जांच के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
गिरफ्तार आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया
आरोपी राजेश उर्फ राज देशमुख उर्फ रुपेश शिवाजी यशवंतराव बार-बार अपना नाम और निवासस्थान बदलता रहता था। इस कारण पुलिस को उसकी पहचान में परेशानी हो रही थी । इसी क्रम में पुलिस को उसके ठाणे और भिवंडी स्थित काल्हेर गांव की जानकारी मिली। आखिरकार प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने तांत्रिक यंत्रणा का सहयोग लेकर शहापूर, काल्हेर, भिवंडी,ठाणे आदि जगहों पर उसकी खोजबीन शुरू कर दी और उसे आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया है । इसी के साथ ही पूछताछ के दौरान इस बात का भी खुलासा हुआ है कि इसके पहले आरोपी ने कोनगाव, कोपरखैरणे, नवी मुंबई आदि भागों में रहने वाली तलाकशुदा महिलाओं को अपना शिकार बनाया है । उसके खिलाफ शिकायतें भी स्थानीय पुलिस थाने में दर्ज है।

Explore our articles