
ठाणे : एक शादी समारोह में पूरा परिवार व्यस्त था। इसी मौके का फायदा उठाकर अज्ञात अपराधियों ने शादी समारोह के स्टेज पर बैग में रखें आभूषण लेकर फरार हो गया। इस बैग में चार लाख 73 हजार मूल्य के आभूषण थे। इस वारदात को लेकर 47 वर्षीय महिला ने ठाणे के राबोडी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है। जानकारी के अनुसार फरियादी महिला माजीवाड़ा ठाणे पश्चिम की रहने वाली है। उसकी बेटी का विवाह वाकरवाडी स्थित ग्राउंड पर हो रहा था। यह घटना उथलसर परिसर की है। विवाह के स्टेज पर आगंतुकों का आना जाना जारी था। लड़का-लड़की दोनों पक्ष विवाह समारोह को लेकर व्यस्त थे। शादी के दौरान भीड़भाड़ का फायदा उठाकर अपराधी बैग में रखे आभूषण लेकर फरार हो गए। फरियादी महिला का कहना है कि बैग में उपरोक्त मूल्य के आभूषण के साथ ही कैश भी था। स्थानीय राबोडी पुलिस थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस इस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। परंतु अभी तक किसी भी तरह का सुराग हाथ नहीं लगा है। बताया जाता है कि विवाह समारोह के दौरान बनाए जा रहे वीडियो से शायद चोरी के इस मामले का खुलासा हो सकता है। वैसे पुलिस हर एंगल से इस मामले की जांच पड़ताल कर अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी हुई है।


