
तेहरान/लेबनान/वाशिंगटन/तेल अवीव : (Tehran/Lebanon/Washington/Tel Aviv) अमेरिका-इजराइल और ईरान (US, Israel, and Iran) के बीच छिड़े युद्ध का आज सातवां दिन है। इजराइल ने सारी रात ईरान की राजधानी तेहरान पर मिसाइल और रॉकेट दागे हैं। इससे कई जगह आग लग गई। तेहरान की इमारतों से इस समय भी धुआं उठ रहा है। यही हाल लेबनान की राजधानी बेरूत का है। राजधानी में दहशत है। लोग लेबनान छोड़कर भागने लगे हैं। इजराइल ने लेबनान में सारी रात हवाई हमले किए। आतंकी समूह हिजबुल्लाह (terrorist group Hezbollah) को निशाना बनाया।
धमाकों से ईरान का आसमान चमक उठा
सीएनएन की आज दोपहर बाद प्रसारित रिपोर्ट के अनुसार, धमाकों से ईरान का आसमान चमक उठा है। तेहरान धुएं से भर गया है। इजराइल के एक व्यस्त शॉपिंग स्ट्रीट पर किए गए हमले से जानमाल की भारी क्षति हुई है। इजराइल ने स्वीकार किया है कि उसने लेबनान की राजधानी में पूरी रात हिजबुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाया। हमले से पहले स्थानीय निवासियों को इलाका खाली करने की चेतावनी जारी की गई।
खामेनेई के उत्तराधिकारी के चयन में शामिल होना चाहते हैं ट्रंप
इस बीच ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई (Iran’s Supreme Leader Khamenei) के उत्तराधिकारी के चयन पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (US President Donald Trump) ने कहा कि इस प्रक्रिया में उन्हें भी शामिल किया जाए। ट्रंप ने कहा कि गैस की बढ़ती कीमतों से अमेरिका को कोई फर्क नहीं पड़ेगा। भले ही युद्ध से ग्लोबल एनर्जी सप्लाई में रुकावट आ रही हो। उन्होंने कहा कि भारत को समुद्र में फंसे रूसी तेल को खरीदने के लिए 30 दिन की छूट दे दी है।
ईरान के कमजोर पड़ने का दावा
द टाइम्स ऑफ इजराइल अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका और इजराइल ने कहा कि ईरान के मिसाइल हमले में काफी कमी आई है। इजराइल डिफेंस फोर्सेज (Israel Defense Forces) (IDF) चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल इयाल जमीर ने दावा कि उनके हमलों की लहरों ने ईरान के 80 प्रतिशत एयर डिफेंस और 60 प्रतिशत मिसाइल लॉन्चर तबाह कर दिए हैं। जमीर ने कहा कि हमला अभी जारी रहेगा। जमीर ने माना कि ईरान ने मध्य इजराइल पर रात को क्लस्टर वॉरहेड दागा। इससे कोई नुकसान नहीं हुआ।
अमेरिका के पास हथियारों का जखीरा
अमेरिका के रक्षा सचिव पीट हेगसेथ (US Defense Secretary Pete Hegseth) ने कहा कि अमेरिका के पास हमले जारी रखने के लिए सैन्य साजो सामान का बड़ा जखीरा है। हेगसेथ ने फ्लोरिडा में सेंट्रल कमांड के मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा, “ईरान उम्मीद कर रहा है कि हम हमले जारी रख नहीं पाएंगे। यह उसकी बहुत बड़ी गलतफहमी है। हमारे भंडारण केंद्रों में हथियार भरे हुए हैं। हमारी इच्छाशक्ति मजबूत है।”
हिजबुल्लाह प्रमुख नईम कासिम की तलाश
द यरुशलम पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, इजराइल के हमलों से भयभीत लेबनान के लोग राजधानी बेरूत छोड़कर भाग रहे हैं। दक्षिणी लेबनान, बेरूत और कुछ दूसरी जगहों पर रहे लगभग 500,000 हिजबुल्लाह समर्थकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। दक्षिणी लेबनान से 400,000 से ज्यादा लोगों को निकाला गया है। आईडीएफ ने हिजबुल्लाह के गढ़ों में पिछले 24 घंटों में 26 हमले किए हैं। इससे कई शहर भूतिया नजर आने लगे हैं। आज तक इजराइली हमलों की संख्या बढ़कर 450 हो गई है। इजराइल को इस समय लेबनान में छुपे हिजबुल्लाह प्रमुख नईम कासिम (Hezbollah chief Naim Qassem) की तलाश है। उसने 2024 में हसन नसरल्लाह और हशेम सफ़ीद्दीन की हत्या के बाद उनकी जगह ली थी।
ईरान ने अमेरिका-इजराइल को दिया जवाब
अन्य रिपोर्ट्स के अनुसार, महत्वपूर्ण है कि ईरान ने भी इजराइल और अमेरिक के सैन्य ठिकानों और क्षेत्र के कई देशों पर मिसाइल और ड्रोन हमलों की नई लहर शुरू कर दी। युद्ध शुरू होने के बाद अब तक ईरान में लगभग 1230 लोगों, लेबनान में 100 से ज्यादा और इजराइल में करीब एक दर्जन लोगों की जान जा चुकी है। आईडीएफ ने कहा कि उसे छह ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्चरों को नष्ट कर दिया है। यही नहीं हालिया हमलों में ईरान की तीन उन्नत रक्षा प्रणालियों को नेस्तनाबूद कर दिया। सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि उसने रियाद के उत्तर-पूर्व में एक और ड्रोन को रोककर नष्ट कर दिया।
कुवैत के 67 जवान घायल
ईरान के हमले में कुवैत के 67 जवान घायल हो गए हैं। सैकड़ों मिसाइलें और ड्रोन लक्ष्य पर पहुंचने से पहले ही नष्ट कर दिए हैं। कुवैत के सरकारी संचार केंद्र की एक ब्रीफिंग में शुक्रवार को रक्षा मंत्रालय ने यह जानकारी दी। रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता सऊद अल-अतवान ने कहा कि घायल लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर है।
रिवोल्यूशनरी गार्ड के अधिकारी लेबनान से भागे
लेबनान में रह रहे ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (Islamic Revolutionary Guard Corps) (IRGC) के कई दर्जन अधिकारी बेरूत को छोड़कर अन्य स्थानों पर चले गए हैं। आईआरजीसी के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल अली मोहम्मद नैनी ने शुक्रवार को कहा कि ईरान लंबे युद्ध के लिए पूरी तरह तैयार है। उधर, हिजबुल्लाह ने शुक्रवार को टेलीग्राम में इजराइल की थल सेना पर हुए हमलों की जिम्मेदारी ली है। उसने कहा कि यह हमले लेबनान में इजराइल के जवानों पर किए गए।
मनामा पर ईरान का हमला
ईरान की अर्ध-सरकारी फार्स न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, बहरीन की राजधानी मनामा पर रात भर हुए हमलों में फाइनेंशियल हार्बर टावर्स वाणिज्यिक परिसर को निशाना बनाया गया। इस परिसर पर हमला इसलिए किया गया क्योंकि इजराइली दूतावास इसी परिसर पर है।


