
तेहरान : (Tehran) ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जारी संघर्ष के बीच ईरान को एक और बड़ा झटका लगा है। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) (Islamic Revolutionary Guard Corps) की फतेहिन स्पेशल यूनिट के कमांडर मोहम्मद अली फथअलीजादेह (Mohammad Ali Fathalizadeh) की मौत हो गई है। ईरानी सरकारी मीडिया ने इसकी पुष्टि की है। रिपोर्ट्स के अनुसार, 1 अप्रैल को हुए हमलों के दौरान फतेहिन यूनिट के कमांडर फथअलीजादेह मारे गए। ईरान ने इस संघर्ष को ‘रमजान का युद्ध’ (“War of Ramadan”) बताया है और उन्हें “शहीद” घोषित किया है। फतेहिन यूनिट IRGC की एक विशेष इकाई है, जिसके जवानों को उन्नत सैन्य प्रशिक्षण दिया जाता है। इस यूनिट को पहले सीरिया जैसे संघर्षग्रस्त क्षेत्रों में भी तैनात किया जा चुका है।
पहले भी कई बड़े अधिकारी मारे जा चुके
इससे पहले मार्च के अंतिम सप्ताह में IRGC नौसेना प्रमुख अलीरेजा तंगसीरी (IRGC Navy Chief Alireza Tangsiri) के मारे जाने की खबर सामने आई थी। इसके अलावा बसीज फोर्स के प्रमुख गुलामरेजा सुलेमानी भी हमलों में मारे गए थे। अमेरिका और इजरायल के हमलों में ईरान के कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी और कमांडर निशाने पर आए हैं, जिससे उसकी सैन्य संरचना को लगातार नुकसान पहुंच रहा है।


