spot_img

Surat : आईडी के बिना प्री-एक्टिव डमी सिमकार्ड बेचने वाले रैकेट का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार

84 डमी सिमकार्ड बरामद

सूरत : सूरत में प्री-एक्टिवेटेड सिमकार्ड बेचने के रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने 84 डमी सिमकार्ड के साथ 3 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपित मोबाइल कंपनी का एजेंट हैं, जबकि दो अन्य उसके सहयोगी है। आरोपित बिना कागजात के ऊंची कीमत पर सिमकार्ड बेचते थे। साथ ही एक ग्राहक के नाम पर 2 सिमकार्ड एक्टिव किया जाता था।

सूरत की प्रिवेंशन ऑफ क्राइम ब्रांच (पीसीबी) पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान सिंगणपोर नवजीवन सोसायटी के पास विजय राठौड़ नामक व्यक्ति के संबंध में सूचना मिली कि वह अपने पास वीआई कंपनी का प्री-एक्टिव सिमकार्ड रखता है और बिना किसी दस्तावेज के विकास वाघेला और मितेष बोरिया को बेचता है। पुलिस को जानकारी मिली की रांदेर के अडाजण बस पोर्ट के समीप फुट ओवरब्रिज के नीचे तीनों व्यक्ति इकट्ठा हुए हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर विजय राठौड़, विकास वाघेला और मितेष बोरिया को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के पास से 14 प्रि-एक्टिव सिमकार्ड और 70 अन-एक्टिव सिमकार्ड बरामद हुए। इसके अलावा 4 मोबाइल मिलाकर कुल 45770 रुपये के सामान बरामद हुए।

पुलिस की पूछताछ में आरोपित विजय राठौड़ ने बताया कि वह सिमकार्ड बेचकर अधिक कमिशन लेने और प्री-एक्टिवेटेड सिमकार्ड के लिए अधिक राशि प्राप्त करता था। इसके तहत वह अपने पास सिमकार्ड लेने वाले ग्राहकों के आधार कार्ड का विवरण हासिल कर लेता था। इसके लिए वह अपने मोबाइल में वीआई कंपनी की स्मार्ट कनेक्ट एप्लिकेशन से अपनी आईडी और पासवर्ड के जरिए एप्लिकेशन में लॉगिन होकर सिमकार्ड खरीदी करने वाले ग्राहकों के विवरण प्राप्त कर लेता था। मोबाइल में ऑनलाइन कस्टमर एप्लिकेशन फार्म भरकर वह फार्म में ग्राहकों के फोटो अपलोड करता था। बाद में सिमकार्ड एक्टिव करा लेता था। पुलिस के अनुसार आरोपित पहले भी इस तरह की घटना में संलिप्त रहा है।

Explore our articles