spot_img

Surat : चेन्नई सिंघम्स ने टाइगर्स ऑफ कोलकाता को हराकर जीता पहला आइसीपीएल खिताब

Surat: Chennai Singams win first ICPL title, defeating Tigers of Kolkata

सूरत : (Surat) गुजरात डायमंड सिटी सूरत में पिछले एक महीने से चल रहे क्रिकेट महाकुंभ इंडियन स्ट्रीट प्रीमियर लीग (Indian Street Premier League) (ICPL) सीजन-3 के फाइनल मुकाबले में चेन्नई सिंघम्स (Chennai Singams) ने टाइगर्स ऑफ कोलकाता को 29 रन से हराकर पहली बार आइसीपीएल का खिताब अपने नाम किया।

यहां के लालभाई कॉन्ट्रैक्टर स्टेडियम (Lalbhai Contractor Stadium) में खेले गए फाइनल मुकाबले का रविवार को भव्य समापन हुआ। टेनिस बॉल क्रिकेट के इस रोमांचक मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी स्टेडियम पहुंचे थे। फाइनल मैच का सबसे बड़ा आकर्षण मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर की उपस्थिति रही। आइसीपीएल की कोर कमेटी के सदस्य के रूप में वह खास तौर पर सूरत पहुंचे थे। सूरत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए सैकड़ों प्रशंसक मौजूद रहे और ‘सचिन-सचिन’ के नारों से माहौल गूंज उठा। स्टेडियम में उनकी मौजूदगी से खिलाड़ियों का उत्साह भी दोगुना हो गया।

फाइनल में चेन्नई का दबदबा

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सिंघम्स ने 10 ओवर में 7 विकेट पर 103 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर बनाया। केतन म्हात्रे ने 16 गेंदों में 30 रन की अहम पारी खेली, जबकि सरफराज खान ने 11 गेंदों में 20 रन जोड़े। अंत के ओवरों में तेज रन बनने से टीम मजबूत स्थिति में पहुंची।

104 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टाइगर्स ऑफ कोलकाता की टीम (Tigers of Kolkata team) शुरुआत से दबाव में रही और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। अरिश खान ने 9 गेंदों में 25 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन पूरी टीम 10 ओवर में 74/9 रन ही बना सकी। चेन्नई की ओर से अनूराग सरशर ने 3/17 का शानदार प्रदर्शन किया, जबकि सुनील कुमार और अंकुर सिंह ने दो-दो विकेट लिए।

पुरस्कारों की बौछार

आइसीपीएल सीजन-3 (ICPL Season 3) में विजेता टीम को 2 करोड़ रुपये और उपविजेता टीम को 1 करोड़ रुपये का पुरस्कार दिया गया। टूर्नामेंट के ‘मॉस्ट वैल्यूएबल प्लेयर’ (Most Valuable Player (MVP) का पुरस्कार चेन्नई सिंघम्स के जगन्नाथ सरकार को मिला, जिन्हें लग्जरी पोरचे 911 कार से सम्मानित किया गया।

सीजन के प्रमुख पुरस्कार विजेता

सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज: सैफ अली (टाइगर्स ऑफ कोलकाता)

सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज: परवीन कुमार (फाल्कन राइजर्स हैदराबाद)

सर्वश्रेष्ठ कैच: प्रथमेश ठाकरे (अहमदाबाद लायंस)

एमवीपी: जगन्नाथ सरकार (चेन्नई सिंघम्स)

आइसीपीएल सीजन-3 ने देशभर की नई क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हुए अपनी लोकप्रियता और प्रतिष्ठा को और मजबूत किया है। पहली बार पूरे टूर्नामेंट की मेजबानी करने वाला सूरत शहर खेल जगत में एक नई पहचान बनाने में सफल रहा है।

Explore our articles