spot_img

Surajpur : सूरजपुर पुलिस की क्राइम बैठक में डीआईजी-एसएसपी ने लंबित प्रकरणों की समीक्षा की

सूरजपुर : (Surajpur) जिला पुलिस कार्यालय में आज शनिवार को क्राइम बैठक आयोजित की गई। सुबह से शाम तक चली इस मैराथन बैठक में डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने जिले के सभी थाना प्रभारियों से वन टू वन चर्चा करते हुए थाना क्षेत्र के पेंडिंग अपराधों व महत्वपूर्ण कार्यो की समीक्षा पावर प्वाईंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के माध्यम से की और विभागीय कार्यो में गति, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने की दिशा में कई दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में नवीन आपराधिक कानूनों में शामील किए गए तकनीकी व प्रक्रियागत नवाचारों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित कराने, तकनीक का बेहतर उपयोग कराने, संवेदनशील रहते हुए बेहतर पुलिसिंग एवं अपराधों पर अंकुश लगाने प्रभावी कार्यशैली को लेकर कई दिशा-निर्देश प्रभारियों को दिए। इस दौरान डीआईजी-एसएसपी ने 1-2 थानों में तय लक्ष्य अनुसार निकाल न होने पर प्रभारियों को कड़ी हिदायत दी और तत्परतापूर्वक लंबित मामलों का निकाल के निर्देश दिए।

बैठक में ऑपरेशन तलाश के तहत गुमशुदा लोगों की दस्तयाबी गंभीरतापूर्वक कराने, अवैध कार्यो पर पूर्णतः अंकुश लगाने, क्राईम डिटेक्शन हेतु उपलब्ध तकनीकी एप्लीकेशनों का पूरा उपयोग करने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, लंबित आपराधिक प्रकरणों के निकाल में तेजी लाने के निर्देश के अलावा अपराध की विवेचना में नए कानूनों के प्रावधानों व तकनीकी कार्यो को पेशेगत तरीके करने, तयवक्त में सड़क दुर्घटना के प्रकरणों का ब्यौरा आई-रेड में एन्ट्री करने, साइबर अपराध, धोखाधड़ी से बचाव के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में खेती-किसानी प्रारंभ होगा इस दौरान कई प्रकार की वाद-विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है ऐसी शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए फौरन एक्शन लेने साथ ही प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करते हुए अनिवार्य रूप से बाउण्ड ओव्हर की कार्यवाही कराने के निर्देश दिए।

इस दौरान उन्होंने अपराधों की रोकथाम, अपराधियों पर नकेल कसने, बेहतर और विजुअल पुलिसिंग करने के निर्देश दिए साथ ही कहा कि आदतन अपराधी, गुंडे एवं बदमाश प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करें। क्षेत्र में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखे, असामाजिक तत्वों में पुलिस का खौफ बनाए रखने तथा सुगम यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में सक्रिय मौजूदगी बनाए रखने एवं नियमित रूप से पैदल गश्त व पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो, सीएसपी एसएस पैंकरा, एसडीओपी प्रतापपुर सौरभ उईके, एसडीओपी प्रेमनगर नरेन्द्र सिंह पुजारी, एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा, डीएसपी अजाक पीडी कुजूर, डीएसपी अनूप एक्का, रितेश चौधरी, डीएसपी मुख्यालय महालक्ष्मी कुलदीप, एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी, जिले के थाना-चौकी प्रभारी सहित जिला पुलिस कार्यालय के अधिकारीगण मौजूद रहे।

Explore our articles