spot_img

Supaul : भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 1733 किलो गांजा बरामद


Supaul: Major SSB operation at India-Nepal border; 1,733 kg of cannabis seized

सुपौल : (Supaul) भारत-नेपाल (India-Nepal border) सीमा से सटे सुपौल जिले के वीरपुर अनुमंडल क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) (Sashastra Seema Bal) ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1733.6 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।

जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 6 करोड़ 93 लाख 44 हजार रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई के बाद सीमा क्षेत्र में सक्रिय तस्करी गिरोहों में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार 45वीं वाहिनी एसएसबी (SSB’s 45th Battalion) वीरपुर की सीमा चौकी सतना को पिछले कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि तस्कर नेपाल के रास्ते बड़ी मात्रा में गांजे की खेप भारत लाने की तैयारी कर रहे हैं।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसबी ने सीमा क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी थी और लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा था। शुक्रवार देर रात दत्ता टोला क्षेत्र में तैनात एसएसबी जवानों ने एक संदिग्ध नेपाली नंबर प्लेट वाले वाहन को आते देखा। जवानों ने वाहन को रोकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और सुरक्षा बल के जवानों को कुचलने का प्रयास किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसएसबी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बोलेरो कैंपर वाहन को रोक लिया। हालांकि चालक तथा अन्य तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखे 47 प्लास्टिक के बोरों से कुल 1733.6 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके बाद जब्त वाहन और गांजे को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित एजेंसियों के हवाले कर दिया गया।45वीं वाहिनी के कार्यवाहक कमांडेंट जगदीश कुमार शर्मा (Jagdish Kumar Sharma) ने बताया कि सीमा क्षेत्र में तस्करी रोकने के लिए एसएसबी लगातार सतर्क है और खुफिया सूचनाओं के आधार पर अभियान चलाया जा रहा है।

एसएसबी पूर्णिया रेंज के डीआईजी मधुकर अमिताभ (Madhukar Amitabh) ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि स्थानीय पुलिस के सहयोग से इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के माध्यम से फरार तस्करों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।कार्रवाई के दौरान वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार सहित एसएसबी और पुलिस के कई अधिकारी मौजूद रहे। इस बड़ी बरामदगी को सीमा क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Explore our articles