spot_img

Srinagar : उधमपुर-बारामुला रेल संपर्क के पूरा होने को प्रदेश भाजपा ने बताया एक ऐतिहासिक क्षण

श्रीनगर : (Srinagar) भाजपा की जम्मू-कश्मीर इकाई ने शुक्रवार को उधमपुर-बारामुला रेल संपर्क के पूरा होने को एक ऐतिहासिक क्षण बताया और इस परियोजना को केंद्र शासित प्रदेश के लोगों के लिए ईद का अनमोल तोहफा बताया।

भाजपा के जम्मू-कश्मीर प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने कहा कि उधमपुर-बारामुला रेलवे संपर्क केवल इंजीनियरिंग की उपलब्धि नहीं है बल्कि आशा, विकास और राष्ट्रीय एकीकरण का प्रतीक है। यह वास्तव में जम्मू और कश्मीर के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि महत्वाकांक्षी रेल परियोजना क्षेत्र में यात्रा में क्रांति लाएगी, पर्यटन को बढ़ावा देगी और दूरदराज के क्षेत्रों के लिए आर्थिक अवसर खोलेगी। उन्होंने कहा यह जम्मू-कश्मीर के विकास और प्रगति के लिए प्रधानमंत्री मोदी की अटूट प्रतिबद्धता का एक और प्रमाण है।

अल्ताफ ठाकुर ने इस परियोजना को हाल के दिनों में सबसे महत्वपूर्ण बुनियादी ढाँचा उपलब्धियों में से एक बताया और कहा कि इससे सभी क्षेत्रों के लोगों को लाभ होगा, खासकर दूरदराज और आर्थिक रूप से कमजोर क्षेत्रों के लोगों को। उन्होंने कहा कि आधुनिक परिवहन नेटवर्क के माध्यम से कश्मीर को शेष भारत से जोड़ने का प्रधानमंत्री मोदी का सपना हकीकत बन रहा है। रेल संपर्क वास्तव में जम्मू-कश्मीर के लोगों के लिए ईद का अनमोल तोहफा है।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बहुप्रतीक्षित कश्मीर रेल सेवा को राष्ट्र को समर्पित करने से पहले चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे पुल का उद्घाटन किया। चिनाब पुल का उद्घाटन करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के पहले केबल-स्टेड अंजी पुल का उद्घाटन किया और 272 किलोमीटर लंबे उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेलवे लिंक (यूएसबीआरएल) के पूरा होने के उपलक्ष्य में वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जो कश्मीर और देश के बाकी हिस्सों के बीच सीधी ट्रेन कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।

Explore our articles