Srinagar: 10 मई तक जम्मू-कश्मीर में मुख्यतः शुष्क और गर्म मौसम की संभावना

0
144

श्रीनगर:(Srinagar) जम्मू-कश्मीर में 10 मई तक मुख्यतः शुष्क और गर्म मौसम का पूर्वानुमान है। इस पूर्वानुमान के बीच जम्मूू संभाग में गर्मी लगातार भीषण होती जा रही है। दिन का पारा 38 डिग्री के पार पहुंचने की राह पर है। लोगों का पैदल चलना तक दुष्वार होता जा रहा है। बढ़ती गर्मी के चलते बाजार भी अब दिन में खाली ही नजर आने लगे हैं। लोग शाम के बाद ही बाजारों का रूख कर रहे हैं।

इसी बीच अगले 24 घंटों और उसके बाद के दो दिनों के लिए पूर्वानुमान के लिए एक बयान में मौसम विभाग ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में मुख्यतः शुष्क और गर्म मौसम रहने की उम्मीद है। हालांकि मौसम विभाग ने कहा है कि 10 मई तक कुछ स्थानों पर दोपहर के समय गरज के साथ बारिश की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा है कि 11 मई को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और गरज के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान है। 12 मई को कई स्थानों पर हल्की बारिश व बर्फबारी (ऊंचे इलाकों में) के साथ सामान्य रूप से बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान है। इसके अलावा 13 मई को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।

इसी दौरान श्रीनगर में पिछली न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस, काजीगुंड में न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस, पहलगाम में 5.8 डिग्री सेल्सियस, कोकरनाग में 10.3 डिग्री सेल्सियस, कुपवाड़ा शहर में 8.6 डिग्री सेल्सियस, गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसके अलावा जम्मू में न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बनिहाल में न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस, बटोत में 15.0 डिग्री सेल्सियस और भद्रवाह में 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।