
सोपोर : जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मंगलवार को कहा कि उसने एक सरगना महिला सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान मादक पदार्थ भी जब्त किया गया है।
एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सोपोर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शब्बीर नवाब ने कहा कि 01 मार्च को पुलिस ने तर्जू में एक नाके के दौरान दो व्यक्तियों को स्पैस्मोप्रोक्सीवॉन प्लस टैबलेट की 3,512 गोलियों के साथ सोपोर से पकड़ा, जिनकी पहचान तनवीर अहमद शाह और जावेद अहमद शाह के रूप में हुई है।
उन्होंने कहा कि जांच के दौरान उन्होंने एक अन्य व्यक्ति के नाम का खुलासा किया जो सोपोर और उसके आसपास नशा बेचने में शामिल था। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान चंदूसा बारामूला के अमीर सादिक पारा के रूप में हुई। उसकी निजी तलाशी पर 112 गोलियां बरामद की गईं।
उन्होंने कहा कि आगे की जांच के दौरान बाटापोरा सोपोर के मोहम्मद मुजफ्फर भट की बेटी उरोज और हाथीशाह सोपोर के स्वर्गीय फारूक अहमद मीर के बेटे मोहम्मद अशरफ मीर के रूप में पहचाने गए दो लोगों के नाम भी सामने आए।
दोनों घाटी के बाहर से सोपोर और अन्य क्षेत्रों में नशे की आपूर्ति करने में शामिल थे। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार व्यक्तियों के कबूलनामे पर हमने 1648 कैप्सूल के साथ दोनों को श्रीनगर के बाहरी इलाके से गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की। उनकी गिरफ्तारी से हमने एक बड़े अंतरराज्यीय मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने में कामयाबी हासिल की है।
इस बीच थाना बोमई में एक मामला एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।


